मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्नाव दौरे के दौरान 570 करोड़ रुपये से अधिक की 101 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस अवसर पर आयोजित जनसभा में उन्होंने प्रदेश की कानून व्यवस्था, सुशासन और विकास कार्यों का जिक्र करते हुए विपक्षी दलों, खासकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा।
‘गरीब, किसान, महिला और युवा ही देश की चार जातियां’
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि देश के विकास की धुरी गरीब, किसान, महिला और युवा हैं। उन्होंने कहा कि यही चार वर्ग देश की वास्तविक ताकत हैं और सरकार की योजनाएं इन्हीं के कल्याण को केंद्र में रखकर बनाई जा रही हैं। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि डबल इंजन सरकार की जनहितकारी योजनाओं को लागू करने की क्षमता विपक्षी दलों में कभी नहीं रही।
परिवारवाद को लेकर सपा और कांग्रेस पर हमला
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी की राजनीति परिवार तक सीमित रही है। उनके अनुसार, कांग्रेस के लिए सिर्फ नेहरू-गांधी परिवार और समाजवादी पार्टी के लिए सैफई परिवार ही प्राथमिकता में रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि इन दलों ने कभी आम गरीब और जरूरतमंद लोगों के हितों को प्राथमिकता नहीं दी। CM योगी ने कहा कि पहले प्रदेश में व्यापारियों और आम लोगों के बीच भय का माहौल था। उन्होंने आरोप लगाया कि विरोध की आवाज उठाने वालों को दबाया जाता था और अपराधियों को संरक्षण मिलता था। वर्तमान सरकार में कानून व्यवस्था को मजबूत करने और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का दावा करते हुए उन्होंने कहा कि अब प्रदेश में सुरक्षा का माहौल है।
रामायण के पात्रों से की माफियाओं की तुलना
मुख्यमंत्री ने अपने भाषण में माफिया तत्वों की तुलना रामायण काल के खर-दूषण, मारीच और सुबाहु जैसे पात्रों से की। उन्होंने कहा कि कुछ राजनीतिक दल माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई होने पर दुख जताते हैं, लेकिन गरीब और आम जनता के हितों को लेकर उतनी संवेदनशीलता नहीं दिखाते। CM योगी ने सुरक्षा व्यवस्था का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार देश और प्रदेश की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने दावा किया कि नक्सलवाद और आतंकवाद जैसी चुनौतियों का जवाब मजबूती से दिया जा रहा है और सुरक्षा एजेंसियां पूरी सतर्कता के साथ काम कर रही हैं।
Read More
जेलेंस्की गए फ्रांस G7 समिट की बैठक में हिस्सा लेने, इधर रूस ने कीव में दागी बैलिस्टिक मिसाइलें

