Ola License Suspended: आजकल लोगों को थोड़ी दूर जाने के लिए भी कैब लेने की आदत लगी हुई है। ऑफिस जाना हो या कहीं घूमने कैब एक ऐसी सेवा है जिसको ऑनलाइन बुक करके लोग आसानी से कहीं भी जा सकते हैं। लेकिन हाल ही में कैब सेवा देने वाली कंपनी ओला को चंडीगढ़ में बड़ा झटका लगा है। चंडीगढ़ प्रशासन की स्टेट ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी (STA) ने कंपनी का एग्रीगेटर लाइसेंस छह महीने के लिए सस्पेंड कर दिया है। इस फैसले का असर कंपनी के संचालन के साथ-साथ उससे जुड़े ड्राइवर पार्टनर्स और रोजाना कैब सेवा का इस्तेमाल करने वाले यात्रियों पर भी पड़ सकता है।
ओला पर लगा नियम तोड़ने का आरोप
अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई चंडीगढ़ एडमिनिस्ट्रेशन मोटर व्हीकल्स एग्रीगेटर रूल्स 2025 के उल्लंघन के आधार पर की गई है। लंबे समय से कंपनी के खिलाफ कई तरह की शिकायतें मिल रही थीं, जिनकी जांच के बाद यह निर्णय लिया गया है।
ड्राइवरों की शिकायतें बनीं कार्रवाई की वजह
जांच के दौरान सामने आया कि कई ड्राइवरों और अन्य संबंधित लोगों ने कंपनी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतों में आरोप लगाया गया कि ड्राइवरों को हेल्थ इंश्योरेंस और टर्म इंश्योरेंस जैसी सुविधाएं निर्धारित नियमों के अनुसार उपलब्ध नहीं कराई जा रही थीं। इसके अलावा ड्राइवर ट्रेनिंग और किराया निर्धारण से जुड़े प्रावधानों के पालन को लेकर भी सवाल उठाए गए।
पहले भी दिए गए थे सुधार के निर्देश
स्टेट ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी के मुताबिक, कंपनी को पहले भी कई बार नियमों का पालन करने और उससे संबंधित रिपोर्ट जमा करने के निर्देश दिए गए थे। हालांकि अधिकारियों का दावा है कि इसके बावजूद उम्मीद के मुताबिक सुधार देखने को नहीं मिला।
जांच में सामने आई एक और बड़ी चूक
जांच के दौरान यह भी पता चला कि कंपनी ने लगभग एक साल पहले अपना चंडीगढ़ कार्यालय दूसरी जगह बदल लिया था, लेकिन इसकी जानकारी संबंधित अधिकारियों को नहीं दी गई। प्रशासन ने इसे भी नियमों का तोडना बताया।
नोटिसों का जवाब नहीं देने का आरोप
अधिकारियों का कहना है कि कंपनी को कई अवसर दिए गए ताकि वह अपना पक्ष रख सके। साथ ही किराए और अन्य मामलों से जुड़े नोटिस भी जारी किए गए थे। हालांकि आरोप है कि कंपनी ने इन नोटिसों का सही तरह से जवाब भी नहीं दिया।
छह महीने के लिए लाइसेंस सस्पेंड
इन्हीं शिकायतों, जांच रिपोर्ट और नियमों को तोड़ने के आधार पर लाइसेंसिंग अथॉरिटी ने चंडीगढ़ एडमिनिस्ट्रेशन मोटर व्हीकल्स एग्रीगेटर रूल्स 2025 के तहत कार्रवाई करते हुए ओला के एग्रीगेटर लाइसेंस को छह महीने के लिए सस्पेंड कर दिया है। इस फैसले के बाद चंडीगढ़ में कंपनी की सेवाओं और कारोबार पर सीधा असर पड़ने की संभावना है।
Read More:
भोलेनाथ की भक्ति में डूबा अंबानी परिवार, एक बार फिर बाबा के दरबार में अनंत अंबानी ने लगाई हाजिरी

