उत्तर प्रदेश के मेरठ(Meerut) जिले के सदर थाना क्षेत्र में एक गंभीर घटना सामने आई है। बस स्टैंड के पास स्थित एक होटल में 23 वर्षीय युवक फरदीन को 16 साल की एक किशोरी के साथ आपत्तिजनक हालत में पकड़ा गया। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि आरोपी के पास उसकी कुछ निजी और आपत्तिजनक वीडियो थीं जिन्हें दिखाकर वह उसे लगातार ब्लैकमेल कर रहा था। इसी दबाव में आरोपी ने उसे होटल बुलाया और वहां उसके साथ गलत काम किया।
मौके पर हंगामा और आरोपी की पिटाई
मामले की जानकारी मिलने के बाद कुछ स्थानीय संगठनों के कार्यकर्ता होटल पहुंचे। कमरे में स्थिति देखकर गुस्साए लोगों ने आरोपी को पकड़कर उसकी पिटाई कर दी। छानबीन के दौरान आरोपी के मोबाइल फोन से पीड़िता सहित अन्य लड़कियों के भी आपत्तिजनक वीडियो मिलने की बात सामने आई है। इसके बाद मामले की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई।
परिजनों की शिकायत पर पुलिस का एक्शन
घटना का पता चलते ही किशोरी की मां सदर थाने पहुंचीं और आरोपी के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बेटी के साथ दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। पुलिस ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और उसे हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई करते हुए जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।