नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) की मुंबई जोनल यूनिट ने ड्रग्स के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। महाराष्ट्र के नागपुर से 210 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी कीमत करीब 20 करोड़ रुपये आंकी गई है। इस मामले में अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
खुफिया सूचना के आधार पर ऑपरेशन
NCB को 11 अप्रैल 2026 को एक विशेष इनपुट मिला था, जिसमें ट्रक के जरिए बड़ी मात्रा में गांजा सप्लाई किए जाने की जानकारी थी। इसके बाद टीम ने नागपुर में एक संदिग्ध ट्रक को रोका, जो पश्चिम बंगाल नंबर का था। तलाशी के दौरान ट्रक में छिपाकर रखे गए मादक पदार्थ का पता चला।
मेटल शीट्स के बीच छिपाया गया था गांजा
जांच में सामने आया कि तस्करों ने गांजे को मेटल शीट्स के बीच बेहद चालाकी से छिपा रखा था, ताकि जांच एजेंसियों को भनक न लगे। हालांकि, NCB की सतर्कता से यह तस्करी नाकाम हो गई। मौके से पी. कुमार और आर. कुमार नाम के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
पूरे नेटवर्क का खुलासा
पूछताछ में पता चला कि यह गांजा ओडिशा के संबलपुर से लाया गया था, जो अवैध सप्लाई का प्रमुख केंद्र माना जाता है। इसके बाद NCB ने आगे की कार्रवाई करते हुए नागपुर के दो स्थानीय डिस्ट्रीब्यूटर पाटिल और वर्मा को भी गिरफ्तार किया।
कई शहरों में सप्लाई की थी योजना
जांच के अनुसार, यह गांजा नागपुर, अमरावती, अकोला, नासिक, पुणे और मुंबई जैसे शहरों में सप्लाई किया जाना था। यहां से इसे छोटे-छोटे हिस्सों में बांटकर स्थानीय स्तर पर बेचा जाना था, जिससे यह एक बड़े संगठित ड्रग सिंडिकेट का हिस्सा साबित होता है।
NCB कर रही जांच
NCB अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क और सप्लाई चेन का पता लगाने में जुटी है। एजेंसी का कहना है कि इस कार्रवाई से ड्रग्स तस्करी के बड़े नेटवर्क को झटका लगा है।
Read More
मेटा ने तैयार किया Mark Zuckerberg का 3D AI अवतार, जो करेगा CEO की तरह काम

