बेंगलुरु में खाद्य उत्पादों की गुणवत्ता और सुरक्षा को लेकर चलाए गए विशेष अभियान में खाद्य सुरक्षा विभाग ने कई स्टोर्स और भंडारण केंद्रों पर कार्रवाई की है। कर्नाटक फूड सेफ्टी एंड ड्रग्स एडमिनिस्ट्रेशन की टीमों को जांच के दौरान बड़ी मात्रा में एक्सपायर्ड और गलत लेबल वाले खाद्य उत्पाद मिले। कुछ ठिकानों पर बिना लाइसेंस दवाइयां भी रखी मिलीं। विभाग के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान करीब 1.38 करोड़ रुपये के खाद्य उत्पाद और 4.02 लाख रुपये की दवाइयां जब्त की गईं।
Amazon के दो केंद्रों पर मिले एक्सपायर्ड उत्पाद
देवनहल्ली स्थित Amazon BLR6 में विभाग को करीब 14 लाख रुपये के गलत लेबल वाले खाद्य उत्पाद मिले। इसके अलावा लगभग 10 लाख रुपये के एक्सपायर्ड खाद्य सामान को भी जब्त किया गया। जांच के दौरान यहां 2.45 लाख रुपये की ऐसी दवाइयां मिलीं, जिन्हें बिना लाइसेंस रखा गया था।
अनेकल स्थित Amazon BLR7 में भी इसी तरह की स्थिति सामने आई। यहां करीब 19 लाख रुपये के गलत लेबल वाले और 13 लाख रुपये के एक्सपायर्ड खाद्य उत्पाद बरामद किए गए। टीम को इस केंद्र पर 1.57 लाख रुपये की दवाइयां भी मिलीं।
HBR लेआउट के Saptha Bazaar में जांच के दौरान एक्सपायर्ड बिस्किट, आटा, चिकन पैटी, पनीर, अंडे और अन्य खाद्य सामग्री मिली। इन उत्पादों की कीमत करीब 10 हजार रुपये बताई गई है।
Instamart केंद्र पर 42 लाख का एक्सपायर्ड सामान
लिंगराजपुरम स्थित Leo 7 Enterprises में न्यूट्रिशनल प्रोडक्ट, ड्रिंक्स, चॉकलेट, मिठाइयां, घी और नट्स-सीड्स जैसे सामान मिले, जिनमें कुछ एक्सपायर्ड थे और कुछ जल्द एक्सपायर होने वाले थे। विभाग ने इस परिसर को सीज कर दिया। मालिक के अनुसार, यहां करीब 56 लाख रुपये के खाद्य उत्पाद रखे हुए थे।
1 करोड़ के संदिग्ध सामान की जांच जारी
विभाग का कहना है कि Instamart की इस फैसिलिटी में करीब 1 करोड़ रुपये के संदिग्ध एक्सपायर्ड और गलत लेबल वाले उत्पाद पाए गए हैं। पूरे मामले में जांच अभी जारी है। बरामद सामान से जुड़े दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है। खाद्य सुरक्षा विभाग ने बताया कि पूरी कार्रवाई फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स एक्ट, 2006 और ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट, 1940 के तहत की गई।
Read More

