राजस्थान के सीकर जिले में स्थित प्रसिद्ध खाटूश्यामजी(Khatu Shyam Ji) मंदिर में श्रद्धालुओं को जल्दी या VIP दर्शन कराने के नाम पर पैसे वसूलने वाले एक गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के कथित मुख्य आरोपी हंसराज उर्फ टिक्कू को गिरफ्तार किया है। उसके पास से तीन मोबाइल फोन भी मिले हैं। पुलिस के मुताबिक, इन फोन में पैसों के लेन-देन से जुड़े महत्वपूर्ण रिकॉर्ड मौजूद हैं।
पुलिस को लगातार ऐसी शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ लोग खुद को पुजारी या पुजारी परिवार से जुड़ा व्यक्ति बताकर मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं से संपर्क करते थे। इसके बाद कम समय में VIP, प्रोटोकॉल या विशेष दर्शन कराने का भरोसा देकर उनसे रकम ली जाती थी।थानाधिकारी इंद्राज मरोड़िया के नेतृत्व में बनाई गई पुलिस टीम ने भैरव पार्किंग गेट के पास कार्रवाई कर 26 वर्षीय हंसराज को पकड़ा। वह लाडपुर का रहने वाला बताया गया है। जांच के दौरान कुछ गार्ड्स की कथित मिलीभगत की बात भी सामने आई है। पुलिस अब इस मामले में जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
बाबा पार्किंग गेट किया गया बंद
मंदिर में बढ़ती लपकागीरी की शिकायतों को देखते हुए बाबा पार्किंग का प्रवेश द्वार बंद कर दिया गया है। पुलिस का कहना है कि कुछ गार्ड्स ने मंदिर कमेटी के भरोसे का गलत इस्तेमाल करते हुए श्रद्धालुओं से पैसे लेकर विशेष दर्शन करवाए। ऐसे गार्ड्स के खिलाफ कार्रवाई के लिए मंदिर कमेटी को पत्र भेजने की तैयारी है।
श्रद्धालुओं से पुलिस की अपील
सीकर पुलिस ने श्रद्धालुओं से कहा है कि वे किसी अनजान या अनधिकृत व्यक्ति को VIP अथवा शीघ्र दर्शन के नाम पर पैसे न दें। यदि कोई व्यक्ति रकम लेकर विशेष दर्शन कराने का दावा करता है तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें।
पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और उनके सहयोगियों की पहचान में जुटी है। अधिकारियों के मुताबिक, जांच पूरी होने के बाद आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।