HomeBreaking Newsअहमदाबाद में सब्जी को लेकर विवाद, पत्नी ने पति के सीने में...

अहमदाबाद में सब्जी को लेकर विवाद, पत्नी ने पति के सीने में चाकू घोंपकर की हत्या

गुजरात के अहमदाबाद में रात के खाने में बनी सब्जी को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद हत्या में बदल गया। नरोदा इलाके में 34 वर्षीय महिला ने कथित तौर पर रसोई के चाकू से अपने पति के सीने पर वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल पति को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आरोपी पत्नी निर्मला खराड़ी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है।

मृतक की पहचान 39 वर्षीय दिलीप खराड़ी के रूप में हुई है। वह सेना से सेवानिवृत्त थे और गुजरात मिनरल डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (जीएमडीसी) में अनुबंध पर ड्राइवर के तौर पर काम कर रहे थे। दंपति के दो छोटे बच्चे हैं। घटना के बाद पिता की मौत हो गई है, जबकि मां पुलिस हिरासत में है।

सब्जी को लेकर शुरू हुई बहस

पुलिस के मुताबिक, वारदात गुरुवार आधी रात के आसपास नरोदा स्मार्ट सिटी-2 स्थित दंपति के घर में हुई। नरोदा पुलिस इंस्पेक्टर बीएम कटारिया ने बताया कि पति-पत्नी के बीच पिछले करीब एक साल से घरेलू और आर्थिक मुद्दों को लेकर अक्सर विवाद होता था। गुरुवार रात दिलीप ने खाने में बनी सब्जी को लेकर पत्नी से सवाल किया। इसी बात पर दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि गाली-गलौज होने लगी। आरोप है कि गुस्से में निर्मला ने रसोई से चाकू उठाया और दिलीप के सीने के बाईं तरफ वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल दिलीप को तुरंत शालबी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके।

वारदात के बाद देवर को फोन कर दी जानकारी

पुलिस के अनुसार, घटना के बाद निर्मला ने आधी रात को अपने देवर मुकेश को फोन किया। उसने बताया कि झगड़े के दौरान उसने दिलीप के सीने में चाकू मार दिया है और वह बेहोश हो गए हैं। उसने यह भी बताया कि वह उन्हें इलाज के लिए शालबी अस्पताल लेकर जा रही है। शुक्रवार दोपहर मुकेश ने अपने 73 वर्षीय पिता सोमाजी खराड़ी को घटना की जानकारी दी। इसके बाद सोमाजी अन्य परिजनों के साथ अस्पताल पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने उन्हें बताया कि दिलीप की मौत हो चुकी है। परिवार ने शुरुआत में सदमे के डर से पिता को मौत की खबर नहीं दी थी।

शरीर पर मिले कई चोटों के निशान

मृतक के पिता सोमाजी खराड़ी की शिकायत के मुताबिक, दिलीप के सीने के बाईं तरफ चाकू का गहरा घाव था। इसके अलावा उनके दाहिने गाल, ऊपरी बांह और दोनों हाथों के अंगूठों के पास भी चोट के निशान मिले। सोमाजी राजकोट शहर पुलिस से निहत्थे सहायक उप-निरीक्षक (एएसआई) के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। दिलीप ने भी 2022 में सेना से रिटायरमेंट लिया था।

सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी पत्नी गिरफ्तार

वारदात के बाद नरोदा पुलिस ने आरोपी की तलाश के लिए कई टीमें गठित कीं। पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और स्थानीय सूत्रों की मदद से घटना के कुछ ही घंटों के भीतर निर्मला को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या और गुजरात पुलिस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि विवाद से लेकर चाकू से हमला करने तक की पूरी घटनाक्रम की जांच की जा रही है।

Read More

राजस्थान में वोटर लिस्ट को लेकर बड़ा विवाद, SIR के बाद 30 लाख मतदाताओं के नाम कटे

Ram Janam Chauhan
Ram Janam Chauhanhttp://mhone.in
राम जनम चौहान वर्तमान में MH One News के साथ जुड़े हुए हैं। वे मुख्य रूप से पॉलिटिक्स और नेशनल न्यूज़ को कवर करते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत दैनिक जागरण संस्थान के साथ की। इसके अलावा Zee Media और India News में इंटर्नशिप की है। राम जनम चौहान ने डॉ. भीमराव अंबेडकर कॉलेज (गोकलपुरी, दिल्ली) से पत्रकारिता एवं जनसंचार (BJMC) की डिग्री प्राप्त की है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments