पंजाब के गाँवों और शहरों में खेलों को प्रोत्साहित करने के प्रयास के साथ आज बठिंडा से ‘खेडां वतन पंजाब दियां-2026’ के चौथे सीज़न का आगाज हुआ। इसके उद्घाटन के अवसर पर मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने पंजाब की खेल प्रतिभा को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ले जाने का विशाल दृष्टिकोण प्रस्तुत किया। यह चौथा सीज़न 14 से 70 साल से अधिक उम्र के लगभग 10 लाख खिलाड़ियों को 39 खेल प्रतियोगिताओं और चार पैरा-खेल खेलने के लिए खेल मैदान में उतारेगा। ये खेल पीढ़ियों को जोड़ेंगे और प्रदेश भर के गाँवों और शहरों की खेल प्रतिभा को निखारेंगे। ये खेल 29 नवंबर को पटियाला में समाप्त होंगे, जिनमें विजेताओं के लिए 12.50 करोड़ रुपये के नकद इनाम रखे गए हैं, जिसमें पहली बार वेटरन खिलाड़ियों के लिए भी नकद इनाम शामिल हैं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने राष्ट्रमंडल खेल-2026 की रजत पदक विजेता हरजिंदर कौर और लवप्रीत सिंह को 50-50 लाख रुपये से सम्मानित किया। इससे प्रदेश सरकार की मजबूत खेल ढाँचा निर्माण और पंजाब के नौजवानों को आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करने की प्रतिबद्धता को फिर से दोहराया गया।

‘खेडां वतन पंजाब दियां-2026’ के चौथे सीज़न की शुरुआत शहीद भगत सिंह स्टेडियम, बठिंडा में बड़े उत्साह और धूमधाम से हुई, जिसमें पंजाब की समृद्ध खेल और सांस्कृतिक भावना का जश्न मनाया गया। उद्घाटन समारोह में भांगड़ा और गिद्धा सहित रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ शामिल थीं, जिन्होंने प्रदेश की समृद्ध पृष्ठभूमि और खेलों से इसकी गहरी साँझ का प्रदर्शन किया। प्रसिद्ध पंजाबी गायक गुरदास मान और कुलविंदर बिल्ला ने भी समारोह में अपनी गायकी से रंग बिखेरा, जिससे इस महान खेल कुंभ की शान और खुशी का माहौल और यादगार बन गया।
इस जश्न का एक यादगार पल उस समय भी देखने को मिला, जब मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और गायक गुरदास मान ने संयुक्त रूप से आसमान में रंग-बिरंगे गुब्बारे छोड़कर चौथे सीज़न की औपचारिक शुरुआत की। इस समारोह ने पंजाब के खेल जज़्बे, सांस्कृतिक विरासत और नौजवानों की असीम ऊर्जा को रंगारंग जश्न में पिरो दिया।

इस समारोह की कुछ झलकियाँ साझा करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने एक्स पर लिखा: “आज ‘खेडां वतन पंजाब दियां-2026’ के चौथे सीज़न का बठिंडा के शहीद भगत सिंह स्टेडियम में शानदार आगाज किया गया। इस साल 39 खेलों में लगभग 10 लाख खिलाड़ियों को खेल मैदानों में लाने का लक्ष्य है। विजेताओं के लिए 12.50 करोड़ की इनामी राशि रखी गई है, और पहली बार वेटरन खिलाड़ियों को भी नकद इनाम मिलेंगे। आज इसी मंच से राष्ट्रमंडल खेल-2026 की पदक विजेता हरजिंदर कौर और लवप्रीत सिंह को 50-50 लाख रुपये की इनामी राशि से सम्मानित किया गया। पंजाब के नौजवानों को नशों से दूर करके खेलों से जोड़ने और प्रदेश को खेलों में फिर से नंबर एक बनाने की हमारी मुहिम निरंतर जारी है। इनकलाब जिंदाबाद।”
शहीद भगत सिंह स्टेडियम में खेलों की औपचारिक शुरुआत की घोषणा करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा, “हम अपनी बहादुरी, उद्यम और खेल भावना के लिए जाने जाते हैं, जिसके कारण हमने हमेशा हर क्षेत्र में सफलता हासिल की हैं। इन खेलों का उद्देश्य इस भावना को सही दिशा देना और हमारे नौजवानों को खेलों में नाम रोशन करने के लिए मंच प्रदान करना है।”

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘खेडां वतन पंजाब दियां’ का चौथा सीज़न आज बठिंडा से शुरू हुआ है, जबकि 12 अगस्त को संगरूर से शुरू हुई खेल मशाल भी बठिंडा पहुँच गई है। उन्होंने आगे कहा, “इस साल प्रदेश भर के लगभग 10 लाख खिलाड़ियों को शामिल करने का लक्ष्य है ताकि नौजवानों की असीम ऊर्जा को खेलों और अन्य सकारात्मक गतिविधियों की ओर लगाया जा सके। खेलों में 14 साल से लेकर 70 साल से अधिक उम्र के 9 आयु वर्गों के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।”
उन्होंने बताया कि इस साल कुल 39 खेलों की प्रतियोगिताएँ करवाई जाएँगी और एथलेटिक्स, पावरलिफ्टिंग, बैडमिंटन और व्हीलचेयर बास्केटबॉल सहित चार पैरा-खेल शामिल हैं। “पहली बार लड़कों और लड़कियों के लिए टेनिस-बॉल क्रिकेट को प्रदर्शनी खेल के रूप में शामिल किया गया है। खेल 29 नवंबर को पटियाला में समाप्त होंगे।”
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा, “‘खेडां वतन पंजाब दियां’ पंजाब के गाँवों और शहरों के कोने-कोने से छिपी खेल प्रतिभा की पहचान करने, उसे उभारने और निखारने का सबसे अच्छा मंच है।” उन्होंने साथ ही कहा कि प्रदेश सरकार बच्चों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने के लिए प्रतिबद्ध है।



[…] […]