दीपावली के पावन पर्व पर पूरे देश में उत्साह और खुशियों का माहौल है। इस खास मौके पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी(CM Dhami) ने प्रदेश के सभी लोगों को दीपावली की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि रोशनी का यह त्योहार हर व्यक्ति के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और अच्छे स्वास्थ्य का उजाला लेकर आए। मुख्यमंत्री धामी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के माध्यम से प्रदेशवासियों को त्योहार की बधाई दी।
उन्होंने अपने संदेश में मां लक्ष्मी और भगवान गणेश से सभी के जीवन में खुशहाली और सकारात्मकता बनाए रखने की कामना की। सीएम ने कहा कि दीपावली के दीपों से हर घर और आंगन रोशन हो। साथ ही समाज में प्रेम, आपसी भाईचारे और सद्भाव की भावना मजबूत हो। उन्होंने कामना की कि यह पर्व सभी के जीवन में नई उम्मीदें और खुशियां लेकर आए।
गढ़वाल रेजिमेंट के जवानों के साथ मनाई दीपावली
दीपावली के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून में गढ़वाल रेजिमेंट के वीर जवानों के साथ दीपावली मिलन समारोह में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने सैनिकों और उनके परिवारों को त्योहार की शुभकामनाएं दीं और उनके साथ खुशियां साझा कीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि एक सैनिक परिवार से होने के कारण सेना के जवानों के प्रति उनका विशेष भावनात्मक जुड़ाव है। उन्होंने ईश्वर से सभी सैनिकों के स्वस्थ, सुरक्षित और खुशहाल रहने की प्रार्थना की।
जवानों का त्याग देश के लिए प्रेरणा
सीएम धामी ने कहा कि दीपावली खुशियों और उल्लास का त्योहार है, लेकिन देश की सुरक्षा में तैनात जवानों को कई बार अपने परिवार से दूर रहकर यह पर्व मनाना पड़ता है। उनका साहस, समर्पण और कर्तव्य के प्रति निष्ठा पूरे देश के लिए प्रेरणा है।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मार्गदर्शन की सराहना भी की। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार सैनिकों के सम्मान, सुविधाओं और उनके परिवारों के कल्याण के लिए लगातार काम कर रही हैं। सैनिकों का हित सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
[…] […]