HomeBreaking Newsगंगा एक्सप्रेसवे पर बड़ा हादसा! दिल्ली से आजमगढ़ जा रही स्लीपर बस...

गंगा एक्सप्रेसवे पर बड़ा हादसा! दिल्ली से आजमगढ़ जा रही स्लीपर बस पलटी, 8 यात्री घायल

दीपावली पर अपने परिवार के साथ त्योहार मनाने के लिए घर लौट रहे यात्रियों की खुशियां उस समय परेशानी में बदल गईं जब गंगा एक्सप्रेसवे(Ganga Expressway) पर एक स्लीपर बस हादसे का शिकार हो गई। दिल्ली से आजमगढ़ जा रही यात्रियों से भरी बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई।

हादसे के बाद बस में सवार लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई। दुर्घटना में कई यात्रियों को चोटें आईं, जबकि आठ गंभीर रूप से घायल लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। यह हादसा शनिवार देर रात करीब 2:30 बजे बहजोई के करीमपुर गांव के पास हुआ।

दिल्ली के कश्मीरी गेट से निकली थी बस

जानकारी के मुताबिक, यह बस रोजाना दिल्ली के कश्मीरी गेट से आजमगढ़ के लिए रवाना होती है। शनिवार को भी बस करीब 120 यात्रियों को लेकर दिल्ली से निकली थी। सभी लोग दीपावली मनाने के लिए अपने घर जा रहे थे।

बताया जा रहा है कि रास्ते में एक होटल पर रुककर यात्रियों ने खाना खाया था। इसके बाद बस दोबारा अपने गंतव्य की ओर बढ़ी। इसी दौरान चालक को नींद की झपकी आ गई जिससे बस का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर पलट गई।

बस पलटते ही मची चीख-पुकार

हादसे के बाद बस के अंदर बैठे यात्रियों में चीख-पुकार शुरू हो गई। लोग किसी तरह एक-दूसरे की मदद से बाहर निकले। इस दुर्घटना में गुड्डू पाल, पप्पू, नीरज, बलवंत, सूरज प्रकाश, सूरज, विजेंद्र गौड़ और अवनीश घायल हुए। सभी घायल आजमगढ़ के अलग-अलग गांवों के रहने वाले बताए गए हैं।

पुलिस और यूपीडा की टीम ने संभाला मोर्चा

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और यूपीडा की टीम मौके पर पहुंची। आठ गंभीर घायलों को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। अन्य यात्रियों को मामूली चोटें आईं। घायल गुड्डू पाल ने बताया कि बस में करीब 110 से 150 यात्री सवार थे।

वह दिल्ली में वेल्डिंग का काम करते हैं जबकि उनके साथ यात्रा कर रहे पप्पू टाइल्स लगाने का काम करते हैं। दोनों दीपावली पर घर लौट रहे थे।बहजोई थाना प्रभारी राजीव कुमार मलिक के अनुसार, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल भिजवाया और पलटी हुई बस को सीधा कराया।

यह भी पढ़ें : छठ पूजा पर दिल्ली से पटना जाना है? नोट कर लें इन 5 ट्रेनों के नाम…

RELATED ARTICLES

2 COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments