पंजाब सरकार ने राज्य को साफ-सुथरा बनाने के लिए ‘क्लीन पंजाब’ अभियान(Clean Punjab mission) की शुरुआत कर दी है। इस मुहिम का आगाज जालंधर के नकोदर चौक से किया गया जहां कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत, डीसी वरजीत वालिया, मेयर वीनित धीर और हल्का इंचार्ज नितिन कोहली ने खुद सड़कों पर झाड़ू लगाकर स्वच्छता का संदेश दिया।
कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत ने बताया कि यह स्वच्छता अभियान लगातार 10 दिनों तक चलाया जाएगा। इसका मुख्य उद्देश्य शहर की सड़कों और हर एक मोहल्ले से गंदगी को पूरी तरह खत्म करना है। इस मुहिम में नगर निगम के तमाम अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया है ताकि पूरे पंजाब को स्वच्छ बनाया जा सके।
जनता के सहयोग के बिना अधूरा है मिशन
मेयर वीनित धीर ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और स्थानीय निकाय मंत्री के नेतृत्व में शुरू हुआ यह 10 दिवसीय मिशन जालंधर का नक्शा बदल देगा। हालांकि, प्रशासन का यह प्रयास तब तक सफल नहीं हो सकता जब तक आम जनता जागरूक न हो। अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की है कि वे सड़कों पर या दुकानों के बाहर कचरा न फेंकें। रात के समय कूड़ा फैलाने वालों पर नजर रखने के लिए विशेष मार्शलों की तैनाती भी की गई है।


