सरकारी टेलीकॉम कंपनी भारत संचार निगम लिमिटेड (BSNL) ने भारत में नया सैटेलाइट फोन पेश किया है। इसकी कीमत 1,34,166 रुपये है, जो कई प्रीमियम स्मार्टफोन और आईफोन के बराबर है। हालांकि, यह फोन आम लोगों के लिए उपलब्ध नहीं है। इसका इस्तेमाल केवल टेलीकम्युनिकेशन विभाग (DoT) से अनुमति मिलने के बाद ही किया जा सकता है।
नेटवर्क न होने पर भी मिलेगी कनेक्टिविटी
सैटेलाइट फोन की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह उन जगहों पर भी काम करता है, जहां मोबाइल नेटवर्क उपलब्ध नहीं होता। इसके जरिए यूजर चलते-फिरते भी कम्युनिकेशन बनाए रख सकते हैं। इससे वॉइस कॉल की जा सकती है और जरूरत पड़ने पर इमरजेंसी सहायता भी ली जा सकती है। साथ ही इसमें लंबी बैटरी लाइफ भी दी गई है।
मजबूत डिजाइन और SOS फीचर से लैस
BSNL के इस सैटेलाइट फोन को मजबूत और टिकाऊ डिजाइन के साथ तैयार किया गया है, ताकि यह कठिन परिस्थितियों में भी आसानी से काम कर सके। यह धूल और पानी से बचाव करने में सक्षम है। फोन में लंबी बैटरी दी गई है, जिससे बिजली न होने की स्थिति में भी यह लंबे समय तक इस्तेमाल किया जा सकता है। इसके अलावा, इसमें SOS इमरजेंसी सिग्नल भेजने की सुविधा और साफ आवाज में बातचीत करने की क्षमता भी मौजूद है।
किन लोगों के लिए है और कहां मिलेगी जानकारी
BSNL के मुताबिक, यह सैटेलाइट फोन रक्षा सेवाओं, समुद्री क्षेत्र, आपदा राहत कार्यों, तीर्थयात्रियों और एडवेंचर यात्रा करने वालों के लिए उपयुक्त विकल्प है। सैटेलाइट नेटवर्क उन इलाकों तक भी पहुंच सकते हैं, जहां सामान्य मोबाइल नेटवर्क नहीं पहुंच पाते। इस फोन के बारे में अधिक जानकारी के लिए यूजर अपने नजदीकी BSNL कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं या 9768866652 पर कॉल कर सकते हैं। भारत में सैटेलाइट फोन आसानी से उपलब्ध नहीं होते और इनके इस्तेमाल के लिए DoT की अनुमति जरूरी होती है।
Read More

