बिहार के मुजफ्फरपुर(Muzaffarpur) जिले के काजीमोहम्मदपुर थानांतर्गत गन्नीपुर (ठाकुर टोला) से एक हृदयविदारक मामला सामने आया है। यहां किराये के मकान में रहने वाले 19 वर्षीय इलेक्ट्रिशियन विकास कुमार ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। मृतक मूल रूप से समस्तीपुर का निवासी था और अपने परिवार के साथ यहां गुजर-बसर कर रहा था।
मिली जानकारी के मुताबिक, विकास ने बीते 9 अगस्त को अपनी ही गली की एक लड़की से प्रेम विवाह रचाया था। हालांकि, शादी के बाद से ही दोनों परिवारों के बीच मनमुटाव और भारी तनाव का माहौल बना हुआ था।
विवाद के बाद तोड़ा शादी का बंधन
घटना वाले दिन नवविवाहित जोड़े के बीच किसी बात पर गहरा विवाद हुआ। स्थानीय प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कहासुनी के बाद बौखलाई पत्नी ने अपनी मांग का सिंदूर पोंछ दिया और गले से मंगलसूत्र निकालकर फेंक दिया। इसके तुरंत बाद वह विकास को अकेला छोड़कर सीधे अपने मायके चली गई।
पत्नी के इस तरह रिश्ता खत्म करने और घर छोड़कर जाने से विकास मानसिक रूप से बेहद टूट गया। इसके बाद उसने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया।काफी देर तक कोई आहट न मिलने पर मकान मालिक व पड़ोसियों ने दरवाजा तोड़ा, तो विकास का शव फंदे से झूलता मिला।आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जांच में जुटी स्थानीय पुलिस
सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। फिलहाल पुलिस पारिवारिक कलह, आपसी विवाद और आत्महत्या के सभी संभावित कारणों को ध्यान में रखकर गहराई से मामले की तफ्तीश कर रही है। आठ दिन में खत्म हुई इस प्रेम कहानी से पूरे इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ है।