जम्मू-कश्मीर के बारामूला(Baramulla) जिले में एक युवती के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म और घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर उसे फैलाने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, यह कार्रवाई तकनीकी जांच और खुफिया जानकारी के आधार पर की गई। मामले की जांच अभी जारी है और पुलिस सभी पहलुओं की गहन पड़ताल कर रही है। बारामूला के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) गुरिंदरपाल सिंह के मुताबिक, पीड़िता ने 25 जुलाई को बारामूला थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायत में युवती ने बताया कि वह अपने एक पुरुष मित्र के साथ जलशीरी ड्रंगबल इलाके में घूमने गई थी। इसी दौरान दो लोगों ने उन्हें कथित तौर पर रोक लिया। आरोप है कि दोनों व्यक्तियों ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया, मारपीट की और युवती के साथ यौन अपराध किया। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया कि घटना का वीडियो बनाया गया और बाद में उसे अन्य लोगों तक पहुंचाया गया।
तकनीकी सबूतों से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
SSP ने बताया कि शुरुआती जांच में पुलिस के सामने चुनौती थी क्योंकि पीड़िता आरोपियों को केवल उनके पहले नाम से पहचानती थी। इसके बावजूद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय स्तर पर जुटाई गई जानकारी की मदद से संदिग्धों की पहचान की और उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान मिले सबूतों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस हिरासत में दोनों आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शाकिर अहमद लोन और मोहम्मद अशरफ के रूप में हुई है। दोनों बारामूला के जलशीरी इलाके के रहने वाले बताए गए हैं और पेशे से ड्राइवर हैं। पुलिस के मुताबिक, मोहम्मद अशरफ की उम्र 27 वर्ष है और वह विवाहित है।
एसएसपी ने कहा कि दोनों आरोपी फिलहाल पुलिस हिरासत में हैं। मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जांच पूरी होने के बाद कानून के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।