HomeBreaking Newsचीन की मदद से बढ़ रही पाकिस्तान की स्पेस ताकत, CDS की...

चीन की मदद से बढ़ रही पाकिस्तान की स्पेस ताकत, CDS की चेतावनी- भारत को बदलनी होगी सैन्य रणनीति

भारत की सुरक्षा चुनौतियां अब केवल जमीन, समुद्र और आसमान तक सीमित नहीं हैं। अंतरिक्ष भी सैन्य रणनीति का अहम हिस्सा बनता जा रहा है। चीन की मदद से पाकिस्तान अपनी अंतरिक्ष आधारित निगरानी क्षमता बढ़ा रहा है। इस पर भारत के चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) जनरल एनएस राजा सुब्रमणि ने चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि भारत को पाकिस्तान की इस बढ़ती ताकत को अपनी सैन्य योजना में शामिल करना होगा।

चीन और तुर्किये से मिल सकती है पाकिस्तान को मदद

नई दिल्ली के विवेकानंद इंटरनेशनल फाउंडेशन में आयोजित ‘विमर्श ऑन फ्यूचर ऑफ वारफेयर एंड इंडियाज प्रिपेयर्डनेस टू कंडक्ट मल्टी-डोमेन ऑपरेशंस’ कार्यक्रम में CDS ने अंतरिक्ष आधारित सैन्य क्षमताओं पर बात की। जनरल सुब्रमणि के मुताबिक, चीन की मदद से पाकिस्तान की खुफिया निगरानी और सैन्य ठिकानों की पहचान करने की क्षमता बेहतर हो सकती है। चीन की ISR यानी इंटेलिजेंस, सर्विलांस एंड रिकॉन्सेंस और PNT यानी पोजिशनिंग, नेविगेशन एंड टाइमिंग तकनीक का फायदा पाकिस्तान को मिल सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि भारत को इस संभावना के लिए तैयार रहना चाहिए कि तुर्किये भी पाकिस्तान की मदद कर सकता है। पाकिस्तान का अंतरिक्ष संगठन SUPARCO भी अपनी स्वदेशी क्षमताएं विकसित करने में जुटा है।

52 सैटेलाइट से निगरानी मजबूत करेगा भारत

इस चुनौती से निपटने के लिए भारत अपने स्पेस बेस्ड सर्विलांस (SBS-3) कार्यक्रम पर काम कर रहा है। इसके तहत 52 निगरानी उपग्रह अंतरिक्ष में स्थापित करने की योजना है। इन्हें लो अर्थ ऑर्बिट यानी पृथ्वी से लगभग 160 से 2000 किलोमीटर की ऊंचाई पर तैनात किया जाएगा। कार्यक्रम को मूल रूप से 2029 के अंत तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इन उपग्रहों में दो तरह के सेंसर होंगे। इलेक्ट्रो-ऑप्टिकल सेंसर तस्वीरों के जरिए जमीन पर गतिविधियों की जानकारी देंगे, जबकि सिंथेटिक अपर्चर रडार (SAR) बादलों और अंधेरे में भी निगरानी करने में सक्षम होगा। भारत इससे पहले Cartosat और RISAT सीरीज के उपग्रहों के जरिए ऑप्टिकल और रडार आधारित निगरानी क्षमता विकसित कर चुका है।

मल्टी-डोमेन युद्ध के लिए तैयारी

आधुनिक युद्ध में थल, जल और वायु सेना के साथ अंतरिक्ष, साइबर और इलेक्ट्रॉनिक युद्ध की भूमिका भी बढ़ रही है। अलग-अलग क्षेत्रों की सैन्य क्षमताओं को एक साथ इस्तेमाल करने की रणनीति को मल्टी-डोमेन ऑपरेशंस कहा जाता है। भारत का GSAT-7A उपग्रह दिसंबर 2018 में लॉन्च किया गया था, जो वायुसेना को नेटवर्किंग और संचार सुविधाएं देता है। इसके अलावा GSAT-7C और स्वदेशी उपग्रह निर्माण पर भी जोर दिया जा रहा है। CDS ने भरोसा जताया कि उत्तरी मोर्चे पर भारतीय सेना और वायुसेना देश की संप्रभुता और सीमाओं की रक्षा के लिए तैयार हैं। नौसेना भी अपनी जिम्मेदारियां निभाने में सक्षम है। भारत के लिए अब अंतरिक्ष में निगरानी और संचार क्षमता मजबूत करना सैन्य तैयारियों का अहम हिस्सा बन गया है।

Read More

iPhone 16 सिर्फ 45 हजार में! MacBook Neo से Samsung फोन तक, यहां मिल रही है धांसू छूट

Ram Janam Chauhan
Ram Janam Chauhanhttp://mhone.in
राम जनम चौहान वर्तमान में MH One News के साथ जुड़े हुए हैं। वे मुख्य रूप से पॉलिटिक्स और नेशनल न्यूज़ को कवर करते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत दैनिक जागरण संस्थान के साथ की। इसके अलावा Zee Media और India News में इंटर्नशिप की है। राम जनम चौहान ने डॉ. भीमराव अंबेडकर कॉलेज (गोकलपुरी, दिल्ली) से पत्रकारिता एवं जनसंचार (BJMC) की डिग्री प्राप्त की है।
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments