Gold Price Crash: अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमतों में बड़ी गिरावट दर्ज की जा रही है। महज एक सप्ताह के भीतर सोने का भाव करीब 10 फीसदी टूट गया है। यह पिछले आठ महीनों की सबसे बड़ी गिरावट बताई जा रही है। शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय हाजिर बाजार में सोने की कीमत गिरकर 3,518.50 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई। कारोबार के दौरान इसका भाव 3,513.54 डॉलर प्रति औंस तक फिसल गया, जो सितंबर 2025 के बाद का सबसे निचला स्तर है। वहीं, अमेरिकी वायदा बाजार में दिसंबर डिलीवरी वाले गोल्ड फ्यूचर्स की कीमत भी घटकर 3,519.10 डॉलर प्रति औंस रह गई।
सोने की कीमतों में क्यों मची है भगदड़?
सोने की कीमतों में आई इस गिरावट के पीछे कई आर्थिक और वैश्विक कारण हैं। अमेरिकी डॉलर की मजबूती, ब्याज दरों में बढ़ोतरी की आशंका, शेयर बाजार में गिरावट और महंगाई को लेकर चिंताओं ने निवेशकों का रुख बदल दिया है। यही वजह है कि लोग फिलहाल सोने में नया निवेश करने से बच रहे हैं। कीमतों में गिरावट की 5 बड़ी वजहें इस प्रकार हैं।
अमेरिकी डॉलर की मजबूती
सोने की कीमतों पर दबाव बनने की सबसे बड़ी वजह अमेरिकी डॉलर का मजबूत होना है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने का कारोबार डॉलर में होता है। ऐसे में डॉलर की कीमत बढ़ने पर दूसरी मुद्राओं में निवेश करने वाले खरीदारों के लिए सोना महंगा हो जाता है। इससे इसकी मांग प्रभावित होती है और कीमतों में गिरावट आने लगती है।
ब्याज दरें बढ़ने की आशंका
अमेरिका में फेडरल रिजर्व की ओर से दिसंबर 2026 में ब्याज दरें बढ़ाए जाने की संभावना भी सोने के लिए चुनौती बन गई है। दरअसल, सोने में निवेश करने पर किसी तरह का ब्याज या डिविडेंड नहीं मिलता। इसके उलट बॉन्ड और बैंक जमा जैसे विकल्पों से निवेशकों को रिटर्न मिलता है। ऐसे में ब्याज दरें बढ़ने की आशंका के बीच निवेशक सोने के बजाय दूसरे विकल्पों को ज्यादा आकर्षक मान रहे हैं।
AI कंपनियों के शेयरों में गिरावट
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जुड़ी कंपनियों के शेयरों में आई भारी गिरावट का असर अब सोने के बाजार पर भी दिखाई दे रहा है। रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, शेयर बाजार में नुकसान उठाने वाले कई बड़े निवेशक अपनी पूंजी बचाने और नकदी जुटाने के लिए सोना बेच रहे हैं। इससे अंतरराष्ट्रीय बुलियन बाजार में बिकवाली का दबाव बढ़ गया है।
महंगाई बढ़ने की चिंता
वैश्विक अर्थव्यवस्था में अनिश्चितता और महंगाई लंबे समय तक ऊंचे स्तर पर बने रहने की आशंका भी निवेशकों को परेशान कर रही है। ऐसी स्थिति में दुनियाभर के केंद्रीय बैंक ब्याज दरों को ऊंचा रखने या मौद्रिक नीतियों को सख्त करने का फैसला ले सकते हैं। इससे सोने की कीमतों पर दबाव बढ़ने की आशंका है।
बाजार में अनिश्चितता और बिकवाली
वैश्विक आर्थिक हालात और शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव के कारण निवेशक फिलहाल सतर्क रुख अपना रहे हैं। नकदी की जरूरत और दूसरे निवेश विकल्पों में नुकसान की भरपाई करने के लिए सोने की बिकवाली भी बढ़ रही है। इससे कीमतों में गिरावट का सिलसिला तेज हुआ है।
क्या अभी और सस्ता होगा सोना?
सोने की कीमतों में आई भारी गिरावट के बीच बाजार के भविष्य को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, कमोडिटी बाजार के विशेषज्ञ जिम वायकॉफ ने उम्मीद जताई है कि सोने और चांदी की कीमतें बाजार के अनुमान से पहले ही अपना निचला स्तर (Bottom) बना सकती हैं। इसके बाद कीमतों में स्थिरता आने की संभावना है।
इन चार बातों पर रहेगी बाजार की नजर
आने वाले हफ्तों में सोने और चांदी की कीमतों की दिशा तय करने में चार प्रमुख कारक अहम होंगे। इनमें अमेरिकी फेडरल रिजर्व की मौद्रिक नीति से जुड़े फैसले, अमेरिका में महंगाई के नए आंकड़े, वैश्विक शेयर बाजारों का प्रदर्शन और दूसरी प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की चाल शामिल हैं।
खरीदारों के लिए क्या है संकेत
फिलहाल सोने की कीमतों में उतार-चढ़ाव जारी रहने की आशंका है। ऐसे में यह कहना जल्दबाजी होगी कि गिरावट का दौर पूरी तरह खत्म हो गया है। आने वाले दिनों में वैश्विक आर्थिक आंकड़े और अमेरिकी फेडरल रिजर्व के फैसले ही स्पष्ट करेंगे कि सोना मौजूदा स्तर से संभलेगा या इसकी कीमतों में अभी और गिरावट देखने को मिलेगी।
Read More:
तमिलनाडु के नागरकोइल रेलवे स्टेशन पर महिला से दुष्कर्म के बाद हत्या, आरोपी हुआ गिरफ्तार

