अगर आप Ola, Uber या किसी दूसरे ऐप से कैब बुक करते हैं और राइड कन्फर्म होने से पहले ही टिप या एक्स्ट्रा पैसे देने का विकल्प दिखाई देता है, तो अब ऐसा नहीं होगा। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने सभी कैब एग्रीगेटर्स को अपने मोबाइल ऐप और डिजिटल प्लेटफॉर्म से ऐसे फीचर्स हटाने का निर्देश दिया है। मंत्रालय ने 11 अगस्त को जारी एडवाइजरी में कहा कि बुकिंग से पहले टिप या किसी अन्य अतिरिक्त भुगतान का विकल्प देना मोटर व्हीकल एग्रीगेटर गाइडलाइंस, 2025 के प्रावधानों के खिलाफ है।
हटाने होंगे ‘एडवांस टिप’ जैसे विकल्प
सरकार ने कैब कंपनियों को ऐसे सभी मैसेज और विकल्प हटाने को कहा है, जिनसे यात्रियों को राइड मिलने से पहले टिप देने के लिए प्रेरित किया जाता है। इनमें ‘एडवांस टिप’, ‘चूज एन ऐड-ऑन’ और ‘इंप्रूव योर चांसेज ऑफ क्विकर राइड कंफर्मेशन’ जैसे विकल्प शामिल हैं। इसी तरह अगर ऐप पर यह संदेश दिया जाता है कि ड्राइवर को टिप देने से राइड जल्दी मिल सकती है, तो उसे भी हटाना होगा। मंत्रालय के मुताबिक, ऐप पर ऐसा कोई संकेत नहीं होना चाहिए जिससे यात्री को लगे कि कैब के किराए से अतिरिक्त पैसा देने पर राइड जल्दी कन्फर्म होगी, ड्राइवर के ट्रिप स्वीकार करने की संभावना बढ़ेगी या उसे बेहतर सेवा मिलेगी।
राइड पूरी होने के बाद ही दे सकेंगे टिप
मोटर व्हीकल एग्रीगेटर गाइडलाइंस, 2025 के क्लॉज 14.15 का हवाला देते हुए मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि यात्री ड्राइवर को सफर पूरा होने के बाद अपनी इच्छा से टिप दे सकता है। टिप पूरी तरह स्वैच्छिक होगी और एग्रीगेटर इसमें से कोई कटौती नहीं कर सकेगा। यात्री की ओर से दी गई पूरी टिप ड्राइवर को ही मिलनी चाहिए। सरकार ने यह भी कहा है कि ऐप में टिपिंग से जुड़ा ऐसा कोई फीचर नहीं होना चाहिए, जो यात्रियों के बीच भ्रम पैदा करे या उन्हें ज्यादा भुगतान के लिए प्रेरित करे।
कैब कंपनियों को तुरंत ऐप में बदलाव के निर्देश
मंत्रालय ने सभी मोटर वाहन एग्रीगेटर्स को अपने मोबाइल ऐप और डिजिटल प्लेटफॉर्म की तत्काल समीक्षा करने को कहा है। अगर किसी ऐप में नियमों के खिलाफ कोई इंटरफेस, मैसेज, पेमेंट ऑप्शन, ऐड-ऑन या अन्य सुविधा मौजूद है, तो उसे तुरंत हटाना या बदलना होगा। सरकार का मानना है कि बुकिंग से पहले टिप मांगने वाले विकल्प यात्रियों पर अतिरिक्त भुगतान का दबाव बना सकते हैं। इसलिए ऐप का इंटरफेस ऐसा होना चाहिए कि यात्री बिना किसी दबाव के केवल निर्धारित किराए के आधार पर अपनी राइड बुक कर सके।
Read More
एयर इंडिया टर्बुलेंस में ‘पायलट ने गांजा पीया था’, क्रू मेंबर की शिकायत से मचा हड़कंप

