HomeBreaking News75 सेकेंड, 26 बार हमला! पटियाला में पालतू पिटबुल ने दंपती को...

75 सेकेंड, 26 बार हमला! पटियाला में पालतू पिटबुल ने दंपती को बनाया निशाना… 

पटियाला(Patiala) के घुम्मण नगर इलाके में बुधवार को मकान देखने पहुंचे एक दंपती पर पिटबुल ने अचानक हमला कर दिया। घटना में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि कुत्ते ने कई मिनट तक दंपती को नहीं छोड़ा। उनकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग लाठी-डंडे लेकर मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद दोनों को बचाया। जानकारी के मुताबिक, दंपती एक प्रॉपर्टी डीलर के साथ कोठी देखने पहुंचे थे।

जैसे ही गेट खोला गया अंदर मौजूद पिटबुल बाहर निकला और महिला पर झपट पड़ा। हमले के कारण महिला जमीन पर गिर गई। पत्नी को बचाने की कोशिश में उसका पति आगे आया तो कुत्ते ने उसे भी अपना निशाना बना लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, लोगों ने कुत्ते को हटाने के लिए डंडों से कई बार प्रयास किया। इसके बाद किसी तरह पिटबुल को दोनों से अलग किया गया और घायलों को निजी अस्पताल ले जाया गया।

महिला की बाजू की हुई सर्जरी

पीड़ित अंकित सभरवाल के अनुसार, हमले में दोनों के शरीर पर कई जगह गहरे घाव आए हैं। बताया गया है कि महिला को करीब 14 और उसके पति को लगभग 12 बार काटा गया। महिला की दाईं बाजू में गंभीर चोट के चलते सर्जरी करनी पड़ी। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है।

पिटबुल रखने पर रोक का गर्माया मुद्दा

घटना के बाद पिटबुल जैसे कुत्तों को पालने और उनकी निगरानी को लेकर सवाल उठ रहे हैं। पशुपालन विभाग के अधिकारियों ने कहा है कि पिटबुल रखने पर प्रतिबंध है और मामले की जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

नगर निगम कमिश्नर पूजा सियाल ग्रेवाल ने भी बताया कि घटना का वीडियो संबंधित पशुपालन अधिकारियों को भेजा गया है। साथ ही निगम अपने स्तर पर भी मामले को गंभीरता से देख रहा है।

पालतू कुत्तों को लेकर नियम

पालतू कुत्तों का जरूरी पंजीकरण, समय पर टीकाकरण और निर्धारित स्थानों पर पट्टे का इस्तेमाल जैसी जिम्मेदारियां मालिकों की होती हैं। सार्वजनिक जगहों पर कुत्ते से होने वाली गंदगी की सफाई भी मालिक को करनी होती है। कुत्ते को लावारिस छोड़ना या उसकी देखभाल में लापरवाही बरतना कानूनी कार्रवाई का कारण बन सकता है।

यह भी पढ़ें : बाबा केदार के भक्तों के लिए खुशखबरी, हेली सेवा का रास्ता हुआ साफ…

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments