Bengaluru School Fire: बेंगलुरु के नागदेवनहल्ली इलाके में मौजूद एक निजी स्कूल की इमारत में शनिवार सुबह आग लगने से हड़कंप मच गया। आग चौथी मंजिल पर बने सभागार में लगी, जिसके बाद पूरे स्कूल में घना धुआं भर गया। हालांकि, समय रहते सभी छात्रों और कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
दमकल की 3 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं
घटना सुबह करीब 9:30 बजे हुई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की तीन गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। राहत और बचाव अभियान के बाद आग पर काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़े हादसे को टालने में सफलता मिली।
स्कूल में मौजूद थे कुछ छात्र
शनिवार होने के कारण स्कूल में नियमित कक्षाएं नहीं चल रही थीं। हालांकि, कुछ छात्र परिचय सत्र में शामिल होने के लिए परिसर में मौजूद थे। आग लगते ही स्कूल प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सभी को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।
शॉर्ट सर्किट की आशंका
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह साफ हो सकेगी।
Read More:

