पंजाब पुलिस ने अवैध हथियार तस्करी के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान के दौरान बड़ी सफलता हासिल की है। कार्रवाई के दौरान कुल 5 पिस्तौल (.32 बोर), 9 मैगजीन और 22 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। शुरुआती जांच में इस मॉड्यूल के राज्य में गैर-कानूनी हथियारों की सप्लाई से जुड़े होने के संकेत मिले हैं। साथ ही, इस मामले में पंजाब पुलिस ने तीन आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है।
जालंधर से मिली सूचना के बाद बढ़ी कार्रवाई
पुलिस के अनुसार जालंधर बस स्टैंड के नजदीक हुई शुरुआती गिरफ्तारी से महत्वपूर्ण सुराग मिले थे। इन्हीं जानकारियों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया गया और कई स्थानों पर छापेमारी की गई।
गुरदासपुर में छिपाकर रखे गए थे हथियार
जांच के दौरान पुलिस टीमों ने गुरदासपुर जिले के गांव भैणी पसवाल के पास छिपाकर रखे गए चार और पिस्तौल, आठ मैगजीन और 18 जिंदा कारतूस बरामद किए। बरामद हथियारों को कब्जे में लेकर फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।
तस्करी नेटवर्क की कड़ियां खंगाल रही पुलिस
अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है। पुलिस इस बात का पता लगाने में जुटी है कि हथियारों की सप्लाई कहां से हो रही थी और इन्हें किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। साथ ही, पूरे नेटवर्क से जुड़े आगे और पीछे के लिंक की भी जांच की जा रही है, ताकि तस्करी में शामिल सभी लोगों की पहचान की जा सके।
पंजाब पुलिस ने स्पष्ट किया है कि राज्य में अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति जारी रहेगी। पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए ऐसे अभियानों को लगातार जारी रखा जाएगा।
Read More
ओडिशा के सरकारी दफ्तर के लेडीज टॉयलेट में मिला सीक्रेट कैमरा, मचा हड़कंप…

