महाराष्ट्र के नासिक स्थित टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) की BPO यूनिट से जुड़ा एक मामला तेजी से तूल पकड़ता जा रहा है। कार्यस्थल पर शुरू हुई शिकायत अब गंभीर आरोपों में बदल गई है, जिसमें यौन उत्पीड़न और जबरन धर्म परिवर्तन के प्रयास शामिल बताए जा रहे हैं। मामले की जांच के लिए पुलिस ने विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है।
कई लोगों के खिलाफ FIR दर्ज
पुलिस के अनुसार, अब तक इस मामले में 9 FIR दर्ज की जा चुकी हैं और कई आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार लोगों में शाहरुख कुरैशी, शफी शेख, तौसीफ अत्तार, रजा मेमन, आसिफ अंसारी और दानिश शेख शामिल हैं। सभी को अदालत में पेश कर पुलिस हिरासत में भेजा गया है। इसके अलावा निष्पक्ष जांच के लिए एक SIT टीम का गठन किया गया है।
शिकायतों का दायरा बढ़ा
बताया जा रहा है कि कुछ शिकायतें वर्ष 2022 से जुड़ी हैं, लेकिन मार्च 2026 में एक महिला कर्मचारी की शिकायत के बाद मामला तेजी से सामने आया। इसके बाद कई अन्य कर्मचारियों ने भी उत्पीड़न और दबाव के आरोप लगाए, जिससे जांच का दायरा बढ़ गया। पीड़ितों ने आरोप लगाया है कि उनके साथ अनुचित व्यवहार, अश्लील टिप्पणियां और छेड़छाड़ की गई। कुछ मामलों में शादी का झूठा वादा कर संबंध बनाने के आरोप भी लगे हैं। साथ ही, कुछ कर्मचारियों ने यह भी दावा किया कि उन पर धार्मिक गतिविधियों में शामिल होने और धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया गया।
जांच के दायरे में HR विभाग
शिकायतकर्ताओं का कहना है कि उन्होंने पहले भी कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों और एचआर विभाग से शिकायत की थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। जांच में HR विभाग की भूमिका भी जांच के दायरे में है।
व्हाट्सऐप ग्रुप और टारगेटिंग के आरोप
सूत्रों के मुताबिक, कुछ कर्मचारियों द्वारा बनाए गए व्हाट्सऐप ग्रुप्स के जरिए सहकर्मियों को टारगेट करने की बात भी सामने आई है। पुलिस इन दावों की गहन जांच कर रही है। TCS ने बयान जारी कर कहा है कि जांच के दायरे में आए कर्मचारियों को सस्पेंड कर दिया गया है और कंपनी जांच एजेंसियों के साथ सहयोग कर रही है। वहीं, इस मामले को लेकर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी तेज हो गई हैं और नासिक में विरोध प्रदर्शन जारी हैं।
अभी तक चार्जशीट दाखिल नहीं
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जांच अभी जारी है और फिलहाल कोई चार्जशीट दाखिल नहीं की गई है। यह मामला IT सेक्टर में कार्यस्थल सुरक्षा और आंतरिक शिकायत प्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।
Read More
गंगा नदी का अचानक जलस्तर बढ़ने से टापू पर फंसे 21 लोग, पुलिस ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन

