लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र में 31 अगस्त की रात हुए सड़क हादसे में घायल होटल मैनेजमेंट इंटर्नशिप कर रही युवती 22 दिन बाद भी होश में नहीं आई है। निजी अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है और वह कोमा में बताई जा रही है। इस बीच युवती के पिता ने उसके लिव-इन पार्टनर पर गंभीर आरोप लगाते हुए घटना को हादसा नहीं बल्कि साजिश बताया है। पुलिस ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं।
हादसे के बाद देर से दी गई सूचना
शाहजहांपुर निवासी अतुल कुमार के मुताबिक, उनकी बेटी मालिस्का सोनवानी लखनऊ में होटल मैनेजमेंट की पढ़ाई के साथ इंटर्नशिप कर रही थी। 31 अगस्त की रात करीब 11:30 बजे उसकी बाइक दुर्घटनाग्रस्त हुई थी। उस समय बाइक पर उसका लिव-इन पार्टनर प्रियांशु गुप्ता भी मौजूद था। पिता का आरोप है कि हादसा रात करीब 12 बजे हुआ, लेकिन परिवार को इसकी जानकारी सुबह लगभग 4 बजे दी गई। उनका दावा है कि परिजनों के लखनऊ पहुंचने के बाद भी प्रियांशु ने उन्हें सही जानकारी नहीं दी और बाद में वहां से चला गया।
मोबाइल में मिला वीडियो बना जांच का आधार
परिवार का कहना है कि हादसे के बाद युवती का मोबाइल प्रियांशु के पास था। फोन वापस मिलने के बाद उसकी जांच की गई तो करीब एक मिनट का एक वीडियो सामने आया। पिता के अनुसार, वीडियो में मालिस्का हाथ जोड़कर प्रियांशु से रोते हुए उसे छोड़ने की गुहार लगाती दिखाई दे रही है। पिता का आरोप है कि फोन से कुछ कॉल और चैट भी डिलीट की गई थीं। परिवार ने इन्हीं तथ्यों के आधार पर पुलिस से घटना की विस्तृत जांच की मांग की है।
दस्तावेज में बदलाव का भी आरोप
अतुल कुमार ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी के आधार कार्ड में भी बदलाव किया गया और उसके नाम के साथ प्रियांशु का उपनाम जोड़ा गया। पिता के मुताबिक, दस्तावेज में पिता के नाम वाले कॉलम में भी प्रियांशु के पिता का नाम दर्ज किया गया था। परिवार का दावा है कि वीडियो और अन्य साक्ष्य लेकर थाने पहुंचने के बावजूद शुरुआत में मामले को सड़क हादसा मानकर ही देखा गया।
पुलिस ने कहा- सभी आरोपों की जांच होगी
DCP साउथ मोहम्मद मुस्ताक ने बताया कि युवती के पिता पुलिस के पास आए थे। शुरुआती जांच में युवती और प्रियांशु के लिव-इन रिलेशन में रहने की बात सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, प्रथम दृष्टया मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, पिता की ओर से लगाए गए सभी आरोपों को जांच के दायरे में रखा गया है। DCP के अनुसार, अधिकारियों को निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए गए हैं और आरोप सही पाए जाने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल युवती की हालत गंभीर है और परिवार के साथ पुलिस भी उसके होश में आने का इंतजार कर रही है।
Read More
2 महीने बाद होनी थी शादी, उससे पहले सिपाही ने किया सुसाइड, बहन को गोली मार खुद की ली जान…

