UP-Japan Investment Meet 2026: नई दिल्ली में आयोजित UP-Japan Investment Meet 2026 में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भारत और जापान के मजबूत रिश्तों पर जोर दिया। उन्होंने कहा,” दोनों देशों की सोच और मूल्य एक जैसे हैं। भारत-जापान की साझेदारी विकास, टेक्नोलॉजी और समृद्धि के लिए है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में, स्पष्ट नीतियों, अच्छी नीयत और पक्के इरादे के साथ उत्तर प्रदेश ने लगातार तरक्की की है। आज यह भारत की टॉप तीन अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है और देश के लिए विकास का इंजन बन गया है। बीते नौ सालों में, हमने उत्तर प्रदेश के बजट, GSDP और प्रति व्यक्ति आय को तीन गुना करने में कामयाबी हासिल की है।
महिलाओं की वर्कफोर्स भागीदारी भी बढ़ी
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में महिलाओं की वर्कफोर्स में भागीदारी भी तीन गुना से ज्यादा बढ़ी है। उन्होंने बताया कि राज्य एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उनके मुताबिक, यूपी को मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर, बेहतर लॉजिस्टिक्स, औद्योगिक विकास और अच्छे शासन का फायदा मिल रहा है।
एक्सप्रेसवे से सेमीकंडक्टर तक विस्तार
CM योगी ने कहा कि राज्य में मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक्स और औद्योगिक कॉरिडोर, इलेक्ट्रॉनिक्स और सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम और डेटा-सेंटर इंफ्रास्ट्रक्चर का लगातार विस्तार हो रहा है। उन्होंने कहा, “उत्तर प्रदेश में देश के कुल एक्सप्रेसवे का 60%, 17 एयरपोर्ट, भारत का सबसे बड़ा रेलवे नेटवर्क, मेट्रो नेटवर्क, भारत की पहली रैपिड रेल, भारत का पहला इनलैंड वॉटरवे, दो डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर और लॉजिस्टिक्स हब हैं, जो ग्लोबल-स्टैंडर्ड और बिना रुकावट वाली कनेक्टिविटी देते हैं।”
जापानी कंपनियों के निवेश पर मंथन
यूपी और जापान के बीच निवेश और औद्योगिक साझेदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बुधवार को नई दिल्ली में ‘यूपी-जापान इन्वेस्टमेंट मीट-2026’ शुरू हुई। इसमें जापान के प्रमुख उद्योग समूहों के अधिकारियों के साथ CM योगी आदित्यनाथ और केंद्र सरकार के मंत्री निवेश की संभावनाओं पर चर्चा करेंगे।
200 से ज्यादा उद्योगपति होंगे शामिल
23 अगस्त तक चलने वाली इस मीट में जापान के 200 से अधिक उद्योगपति, CEO, बिजनेस लीडर्स और नीति-निर्माता हिस्सा ले रहे हैं। कार्यक्रम का उद्देश्य उत्तर प्रदेश में जापानी निवेश को बढ़ाना और दोनों देशों के बीच औद्योगिक सहयोग को और मजबूत करना है।
CM योगी मंगलवार शाम पहुंचे दिल्ली
पहले सत्र में हिस्सा लेने के लिए CM योगी आदित्यनाथ मंगलवार देर शाम दिल्ली पहुंचे। केंद्रीय उद्योग मंत्री पीयूष गोयल के साथ उन्होंने जापानी प्रतिनिधिमंडल की अगुवाई कर रहे यामानाशी प्रीफेक्चर के गवर्नर कोटारो नागासाकी का स्वागत किया।
दिल्ली से वाराणसी तक पांच दिन का कार्यक्रम
इन्वेस्ट यूपी की ओर से 18 से 23 अगस्त तक चलने वाले पांच दिवसीय कार्यक्रम दिल्ली, लखनऊ, आगरा, ग्रेटर नोएडा और वाराणसी में आयोजित किए जा रहे हैं। यूपी-जापान इन्वेस्टमेंट मीट का प्रमुख आयोजन 21 अगस्त को लखनऊ में होगा।
Read More:
UP में बारिश का तांडव! 6 लोग बहे, 10 की मौत, कई जिलों में बाढ़ से हाहाकार

