MP Road Accident: मध्य प्रदेश के भिंड जिले में भिंड-ग्वालियर रोड पर छीमका गांव के पास भीषण सड़क हादसे में आठ मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 26 लोग घायल बताए जा रहे हैं। हादसा बीती रात करीब एक बजे ग्वालियर-भिंड-इटावा नेशनल हाईवे-719 पर हुआ। गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए ग्वालियर रेफर किया गया है।
गोवंश को बचाने में बेकाबू हुई पिकअप
जानकारी के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी के रहने वाले मजदूर डबरा के चीनोर इलाके में धान की रोपाई का काम करके पिकअप लोडिंग वाहन से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान छीमका मोड़ के पास सड़क पर बैठे गोवंश को बचाने की कोशिश में पिकअप अनियंत्रित हो गई और सामने से आ रहे डंपर से जा टकराई।
टक्कर से पिकअप के उड़े परखच्चे
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और वाहन में सवार मजदूर सड़क पर जा गिरे। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
पांच को अस्पताल में मृत घोषित किया
सूचना मिलते ही गोहद चौराहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। डायल-112, 108 एंबुलेंस और पुलिस वाहनों की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोहद पहुंचाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने पांच लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि 26 गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए ग्वालियर रेफर किया गया। ग्वालियर ले जाते समय रास्ते में तीन और घायलों की मौत हो गई, जिससे मृतकों की संख्या आठ हो गई।
पुलिस अधिकारियों ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रदीप पटेल, एसडीओपी महेंद्र गौतम समेत चौराहा, गोहद और एंडोरी थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने के साथ घटनास्थल की जांच शुरू कर दी है। मृतकों की पहचान और हादसे से जुड़ी अन्य जानकारी जुटाई जा रही है। हादसे में घायल हुए कई मजदूरों की हालत अभी भी गंभीर बताई जा रही है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
Read More:
‘बम से उड़ा देंगे अगर ईरान से बातचीत में दखल दिया’, ओमान पर क्यों भड़के ट्रंप? दे डाली खुली धमकी

