Satya Niketan Building Collapse: दक्षिण दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में हुए इमारत हादसे के बाद दिल्ली पुलिस एक्शन मोड में है। हादसे के लिए जिम्मेदार और फरार चल रहे बिल्डिंग मालिक हरिराम बंसल की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने कई टीमें बनाई हैं। आरोपी को पकड़ने के लिए दिल्ली-एनसीआर में लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
घर पहुंची पुलिस तो नहीं मिला आरोपी
हादसे के तुरंत बाद पुलिस हरिराम बंसल के घर पहुंची, लेकिन वह वहां मौजूद नहीं था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी घर छोड़कर फरार हो चुका है। इसके बाद गुरुग्राम समेत दिल्ली-एनसीआर में कई संभावित ठिकानों पर छापेमारी की गई। पुलिस को आशंका है कि गिरफ्तारी से बचने के लिए हरिराम किसी सुरक्षित जगह पर छिपा हुआ है।
रिश्तेदारों और करीबियों के ठिकानों पर भी दबिश
आरोपी तक पहुंचने के लिए पुलिस की टीमें उसके रिश्तेदारों और करीबियों के ठिकानों पर भी छापेमारी कर रही हैं। साउथ कैंपस थाना पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
बिना सुरक्षा मानकों के चल रहा था रेनोवेशन
पुलिस और स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर रेनोवेशन का काम चल रहा था। आरोप है कि सुरक्षा मानकों का ध्यान रखे बिना पिलर और दीवारों के साथ छेड़छाड़ की जा रही थी। इससे इमारत का ढांचा बेहद कमजोर हो गया और वह अचानक भरभराकर गिर गई।
मालिक समेत जिम्मेदार लोगों पर केस दर्ज
सत्य निकेतन हादसे को लेकर दिल्ली पुलिस के साउथ कैंपस थाने में इमारत के मालिक हरिराम और अन्य जिम्मेदार लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब आरोपियों की भूमिका की जांच के साथ हरिराम की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।
हादसे में 6 की मौत, 11 घायल
इस हादसे में अब तक 6 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 11 लोग घायल हुए हैं। घायलों का AIIMS में इलाज चल रहा है। वहीं, घटनास्थल पर रेस्क्यू ऑपरेशन अभी भी जारी है और मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकालने का काम किया जा रहा है।
ड्रोन विजुअल्स में दिखा रेस्क्यू ऑपरेशन
हादसे के बाद घटनास्थल के ड्रोन विजुअल्स भी सामने आए हैं। इनमें जेसीबी की मदद से रेस्क्यू टीमें मलबा हटाते हुए नजर आ रही हैं। बचाव दल लगातार मलबे को हटाकर उसमें फंसे लोगों की तलाश कर रहा है।
Read More:

