Rewari House Blast: हरियाणा के रेवाड़ी के हंस नगर इलाके में रविवार शाम एक घर के अंदर अचानक जोरदार धमाका हो गया। इस हादसे में 3 साल की बच्ची समेत कुल पांच लोग गंभीर रूप से झुलस गए। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि गंभीर हालत को देखते हुए बच्ची और एक युवती को रोहतक पीजीआई रेफर किया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई।
कपड़ों पर प्रेस करते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, हंस नगर निवासी रोहित ने बताया कि उनके पड़ोसी सतबीर चौहान सेना से रिटायर हैं। रविवार शाम उनकी 23 वर्षीय बेटी तनु घर में कपड़ों पर प्रेस कर रही थी। इसी दौरान अचानक तेज धमाका हो गया। उस समय घर में तनु, उनके पिता सतबीर, मां मधु, 3 वर्षीय खुशी और पड़ोसी रोहित के पिता जयभगवान मौजूद थे। धमाके में सभी झुलस गए।
धमाके में 4 लोग घायल
धमाके में तनु बुरी तरह झुलस गई, जबकि सतबीर चौहान, जयभगवान और दो साल की खुशी भी घायल हो गए। सभी घायलों को पहले सिविल अस्पताल ले जाया गया, प्राथमिक उपचार के बाद, उनकी हालत गंभीर होने के कारण उन्हें अलग-अलग अस्पतालों में रेफर कर दिया गया। तनु को PGI रोहतक, सतबीर चौहान को गुरुग्राम और जयभगवान को दिल्ली के आर्मी अस्पताल भेजा गया। मधु और खुशी का इलाज स्थानीय स्तर पर हुआ, मधु को मामूली चोटें आईं।
धमाके से घर को भी भारी नुकसान
ब्लास्ट इतना तेज था कि घर के शीशे चकनाचूर हो गए और दरवाजे उखड़कर दूर जा गिरे। आसपास रहने वाले लोगों का कहना है कि धमाके की आवाज किसी बम विस्फोट जैसी थी। हालांकि, हादसे के बावजूद घर में रखा फ्रिज और गैस सिलेंडर पूरी तरह सुरक्षित मिले, जिससे धमाके की वजह को लेकर अभी भी संशय बना हुआ है।
धमाके की वजह अब तक नहीं आई सामने
डीएसपी पवन कुमार ने बताया कि हादसे में ढाई साल की बच्ची सहित कुल पांच लोग झुलसे हैं। इनमें तन्नू की हालत सबसे ज्यादा गंभीर होने के कारण उसे रोहतक पीजीआई रेफर किया गया है। उन्होंने कहा कि फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि ब्लास्ट किस कारण हुआ। जांच जारी है।
Read More:

