PM Modi and Donald Trump Meeting: फ्रांस में जी-7 समिट का चल रहा है। इसी बीच आज शाम 17 जून को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच अहम द्विपक्षीय बैठक होने जा रही है। करीब 16 महीने बाद दोनों नेता एक मेज पर बैठकर बातचीत करेंगे। इस मुलाकात को भारत-अमेरिका संबंधों के साथ-साथ वैश्विक राजनीति के लिहाज से भी बेहद अहम माना जा रहा है। हालांकि बैठक में आर्थिक विकास, सप्लाई चेन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), निवेश साझेदारी और वैश्विक सुरक्षा जैसे कई मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है, लेकिन सूत्रों के मुताबिक चार मुद्दों पर सबसे ज्यादा ध्यान दिया जा सकता है।
इन चार मुद्दों पर रहेगा सबसे ज्यादा फोकस
सूत्रों के अनुसार, बैठक में पश्चिम एशिया में जारी संकट, होर्मुज स्ट्रेट की स्थिति, अमेरिका से ऊर्जा आयात और भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर विशेष चर्चा होगी। मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों में ये चारों मुद्दे दोनों देशों के लिए रणनीतिक और आर्थिक दृष्टि से काफी अहम माने जा रहे हैं।
ऑपरेशन सिंदूर के बाद पहली द्विपक्षीय बैठक
पिछले वर्ष पाकिस्तान के खिलाफ हुए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप के बीच यह पहली द्विपक्षीय मुलाकात होगी। इसी वजह से इस बैठक को अतिरिक्त महत्व दिया जा रहा है। दोनों नेताओं के बीच आखिरी आमने-सामने की मुलाकात लगभग 16 महीने पहले हुई थी, जिसके बाद यह पहला अवसर है जब दोनों वैश्विक मुद्दों पर सीधे चर्चा करेंगे।
ऊर्जा साझेदारी पर हो सकता है बड़ा फैसला
भारत और अमेरिका लंबे समय से ऊर्जा सहयोग को मजबूत बनाने की दिशा में काम कर रहे हैं। अमेरिका से ऊर्जा आयात बढ़ाने को लेकर दोनों देशों की रुचि बनी हुई है। ऐसे में माना जा रहा है कि बैठक के दौरान ऊर्जा सुरक्षा और दीर्घकालिक ऊर्जा साझेदारी को लेकर अहम बातचीत हो सकती है।
व्यापार समझौते पर आगे बढ़ सकती है बात
भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित व्यापार समझौता अंतिम चरण में बताया जा रहा है। सूत्रों का मानना है कि आने वाले कुछ हफ्तों में इस दिशा में अहम प्रगति देखने को मिल सकती है। ऐसे में दोनों नेताओं की बातचीत में व्यापारिक संबंधों को और मजबूत बनाने पर विशेष जोर रहने की संभावना है।
जी-7 समिट में साझेदार देश के रूप में भारत
भारत को 52वें जी-7 समिट में साझेदार देश के रूप में आमंत्रित किया गया है। समिट का यह अंतिम दिन है और भारत की उपस्थिति वैश्विक मंचों पर उसकी बढ़ती भूमिका को दर्शाती है। जी-7 देशों के साथ भारत लगातार विभिन्न वैश्विक मुद्दों पर सहयोग बढ़ा रहा है।
मैक्रों ने किया गर्मजोशी से स्वागत
जी-7 समिट में भाग लेने के लिए फ्रांस पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। दोनों नेताओं ने मुलाकात के दौरान गले मिलकर एक-दूसरे का अभिवादन किया। इस अवसर पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप समेत जी-7 देशों के अन्य बड़े नेता भी मौजूद रहे।
लगातार सातवीं बार जी-7 में शामिल हुए पीएम मोदी
यह जी-7 शिखर सम्मेलन में भारत की 13वीं भागीदारी है, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार सातवीं बार इस मंच पर मौजूद हैं। विदेश मंत्रालय के अनुसार, जी-7 में भारत की निरंतर भागीदारी इस बात का संकेत है कि शांति, सुरक्षा, विकास और पर्यावरण जैसे वैश्विक मुद्दों के समाधान में भारत की भूमिका और योगदान को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार अधिक महत्व मिल रहा है।
Read More:

