Pakistan Train Attack: पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत की राजधानी क्वेटा में रविवार सुबह बड़ा आत्मघाती हमला हुआ। चमन फाटक के पास क्वेटा कैंट से गुजर रही जाफर एक्सप्रेस ट्रेन को निशाना बनाकर जोरदार विस्फोट किया गया। शुरुआती रिपोर्ट्स के मुताबिक इस धमाके में कम से कम 23 लोगों की मौत हो गई, जबकि लगभग 53 गंभीर रूप से घायल हुए हैं। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
सेना के जवानों को ले जा रही थी ट्रेन
स्थानीय मीडिया और पुलिस अधिकारियों के अनुसार जाफर एक्सप्रेस में पाकिस्तानी सेना के जवान सफर कर रहे थे। ट्रेन क्वेटा कैंट से आगे बढ़ रही थी, तभी रेलवे ट्रैक के पास आत्मघाती हमलावर ने खुद को विस्फोट से उड़ा लिया। धमाका इतना शक्तिशाली था कि ट्रेन की एक पूरी बोगी आग की चपेट में आकर जलकर राख हो गई।
BLA के मजीद ब्रिगेड ने ली जिम्मेदारी
प्रतिबंधित संगठन बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने हमले की जिम्मेदारी ली है। संगठन के प्रवक्ता जीयंद बलूच ने बयान जारी कर कहा कि इस हमले को BLA की सुसाइड यूनिट ‘मजीद ब्रिगेड’ ने अंजाम दिया। संगठन का दावा है कि ट्रेन में सैन्य कर्मी मौजूद थे और उन्हें निशाना बनाकर यह फिदायीन हमला किया गया। BLA ने कहा है कि जल्द ही ऑपरेशन में हुए नुकसान का ब्यौरा जारी किया जाएगा।
धमाके से आसपास के घर और वाहन भी उड़े
क्वेटा पुलिस के मुताबिक विस्फोट इतना तेज था कि रेलवे ट्रैक के आसपास बने कई मकानों की दीवारें टूट गईं। घटनास्थल के पास खड़े कई वाहन भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। धमाके के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए।
राहत और बचाव कार्य जारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, सुरक्षा बल और बचाव दल मौके पर पहुंच गए। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां कई लोगों की हालत नाजुक बनी हुई है। राहतकर्मी जली हुई बोगी और मलबे में फंसे लोगों को निकालने में जुटे रहे। सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है।
शुरुआती जांच में साजिश के संकेत
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में यह हमला पूरी तरह सोची -समझी साजिश प्रतीत हो रहा है। हमलावर ने ट्रेन के गुजरने के समय को निशाना बनाया ताकि अधिक से अधिक नुकसान पहुंचाया जा सके। जांच एजेंसियां आत्मघाती हमलावर की पहचान और हमले की साजिश से जुड़े अन्य सुराग जुटाने में लगी हैं।
बलूचिस्तान में बढ़ रहे आतंकी हमले
बलूचिस्तान लंबे समय से हिंसा और अलगाववादी गतिविधियों का केंद्र रहा है। BLA पहले भी पाकिस्तान सेना और सरकारी प्रतिष्ठानों पर कई हमले कर चुका है। हाल के महीनों में क्षेत्र में सुरक्षा बलों पर हमलों की घटनाओं में तेजी देखने को मिली है, जिससे पाकिस्तान सरकार और सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ गई है।
Read More:

