Mohali Nahar Spinning Mills Fire: पंजाब के मोहाली जिले के लालड़ू स्थित नाहर स्पिनिंग मिल्स लिमिटेड में शनिवार देर रात भीषण आग लगने से पूरे औद्योगिक क्षेत्र में हड़कंप मच गया। आग कंपनी परिसर के गोदाम नंबर-2 में लगी, जहां रुई के दो बड़े गोदाम मौजूद थे। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और ऊंची लपटों के साथ धुएं का घना गुबार कई किलोमीटर दूर तक दिखाई देने लगा।
रुई के गोदाम जलकर राख
गोदामों में भारी मात्रा में रखी रुई के कारण आग तेजी से फैलती चली गई। स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि प्रशासन को आसपास की कई कंपनियों को तुरंत खाली करवाना पड़ा। अधिकारियों को डर था कि अगर समय रहते आग पर काबू नहीं पाया गया तो आसपास की फैक्ट्रियां भी इसकी चपेट में आ सकती हैं।
रात 2 बजे शुरू हुआ रेस्क्यू ऑपरेशन
जानकारी के मुताबिक आग रात करीब 2 बजे लगी। इसके बाद डेराबस्सी, लालड़ू, राजपुरा, चंडीगढ़, अंबाला और पंचकूला से दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। आग की भयावहता को देखते हुए सेना के दफ्तर से भी फायर टेंडर मंगवाने पड़े। करीब 35 से 40 दमकल वाहन रातभर आग बुझाने में जुटे रहे।
कर्मचारियों में बना रहा डर का माहौल
लालड़ू का यह इलाका प्रमुख औद्योगिक क्षेत्रों में गिना जाता है, जहां रोजाना हजारों कर्मचारी काम करते हैं। घटना के बाद आसपास काम करने वाले कर्मचारियों और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बन गया। कई लोग रातभर फैक्ट्री परिसरों के बाहर खड़े होकर स्थिति पर नजर बनाए रहे।
बिजली बंद होने से बढ़ी परेशानी
फायर विभाग के कर्मचारी बलजीत सिंह के मुताबिक आग बुझाने के दौरान टीमों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। आग लगने के बाद पूरे इलाके की बिजली काट दी गई थी, जिससे अंधेरे में राहत और बचाव कार्य चलाना चुनौती बन गया। पर्याप्त रोशनी नहीं होने के बावजूद दमकल कर्मियों ने लगातार कई घंटों तक अभियान जारी रखा।
करोड़ों के नुकसान का अनुमान
इस हादसे में राहत की बात यह रही कि किसी तरह की जनहानि की सूचना नहीं है। हालांकि शुरुआती आकलन के अनुसार कंपनी का करोड़ों रुपये का सामान जलकर राख हो गया है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है और संबंधित विभागों ने जांच शुरू कर दी है।
सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल
घटना के बाद औद्योगिक क्षेत्र में सुरक्षा मानकों और फायर सेफ्टी इंतजामों को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि बड़े औद्योगिक परिसरों में सुरक्षा व्यवस्था और आपातकालीन संसाधनों की नियमित जांच जरूरी है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों से बचा जा सके।
Read More:

