Nepal Flood: नेपाल में 26 अगस्त को आई भयावह बाढ़ के 10 दिन बाद भी हालात बेहद गंभीर बने हुए हैं। मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 1,252 हो गया है, जबकि 5,300 से ज्यादा लोग अब भी लापता हैं या उनसे संपर्क नहीं हो पाया है। राहत और बचाव अभियान के बीच भारत ने नेपाल के लिए मानवीय सहायता की एक और खेप भेजी है।
1252 लोगों की मौत
नेशनल डिज़ास्टर रिस्क रिडक्शन एंड मैनेजमेंट अथॉरिटी (NDRRMA) की गुरुवार को जारी लेटेस्ट सर्च, रेस्क्यू और रिलीफ अपडेट के मुताबिक, नेपाल में अचानक आई बाढ़ से मरने वालों की संख्या बढ़कर 1,252 हो गई है। वहीं, करीब 5,300 से ज्यादा लोग अभी भी लापता हैं या उनसे संपर्क नहीं हो पाया है। इस त्रासदी में अब तक 11,993 लोगों को सुरक्षित बचाया जा चुका है।
चितवन में सबसे ज्यादा मौतें
NDRRMA के आंकड़ों के मुताबिक, बाढ़ का सबसे ज्यादा असर चितवन जिले में हुआ है। यहां से अब तक 355 शव बरामद किए गए हैं। इसके बाद नवलपरासी ईस्ट में 218, नवलपरासी वेस्ट में 208, नुवाकोट में 177 और रसुवा में 127 शव मिले हैं। गोरखा, धाडिंग और तनहुन से भी शव बरामद हुए हैं।
सिर्फ 95 शवों की हो पाई पहचान
भीषण बाढ़ के बाद शवों की पहचान करना भी बड़ी चुनौती बना हुआ है। अब तक सिर्फ 95 शवों की पहचान हो पाई है और उन्हें उनके रिश्तेदारों को सौंपा गया है। बड़ी संख्या में शवों की पहचान नहीं होने के कारण पीड़ित परिवारों की मुश्किलें लगातार बनी हुई हैं।
11993 लोगों को सुरक्षित निकाला गया
अथॉरिटी के मुताबिक, अब तक करीब 11,993 लोगों को बचाया गया है। वहीं, 5,135 घायल लोगों को मेडिकल इलाज मिला है। इनमें से 301 लोगों का अलग-अलग अस्पतालों में उपचार किया गया। नेपाली आर्मी और आर्म्ड पुलिस फोर्स ने भी 3,206 और 1,628 लोगों का इलाज किया।
21 हजार से ज्यादा सुरक्षाकर्मी राहत अभियान में जुटे
NDRRMA के अनुसार, सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन अभी भी जारी है। लैंडस्लाइड, बाढ़ के पानी और मलबे से प्रभावित इलाकों पर विशेष फोकस किया जा रहा है। सुरक्षा बलों के 21 हजार से ज्यादा जवानों को सर्च, रेस्क्यू, राहत वितरण और इससे जुड़े दूसरे अभियानों के लिए तैनात किया गया है।
ट्रकों और हेलीकॉप्टरों से पहुंच रही राहत
NDRRMA ने बताया कि खाने-पीने की चीजों समेत अन्य राहत सामग्री ट्रकों, वाहनों और हेलीकॉप्टर फ्लाइट्स के जरिए प्रभावित क्षेत्रों तक पहुंचाई जा रही है। नुवाकोट और रसुवा में भी हवाई अभियानों के जरिए राहत सामग्री पहुंचाई गई है।
भारत ने भेजी मानवीय सहायता की नई खेप
नेपाल में जारी संकट के बीच भारत ने भी राहत सामग्री की एक और खेप भेजी है। देर रात दो विमानों के जरिए 21.5 टन मानवीय सहायता काठमांडू पहुंची। नेपाल की इस मुश्किल घड़ी में भारत की ओर से लगातार मदद भेजी जा रही है, जिसके लिए नेपाल ने आभार जताया है।
Read More:
हरियाणा में देर रात बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 29 IPS और 1 HPS अधिकारी का हुआ तबादला, देखें पूरी लिस्ट

