मनोज बाजपेयी(Manoj Bajpayee) हिंदी सिनेमा के उन कलाकारों में शामिल हैं जो हर किरदार को अपनी अलग पहचान देने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अपने करियर में कई तरह की भूमिकाएं निभाई हैं और हर बार उनके अभिनय में कुछ नया देखने को मिला है। अब अभिनेता एक बेहद चुनौतीपूर्ण और ऐतिहासिक भूमिका में नजर आने वाले हैं। मनोज बाजपेयी पर्दे पर महात्मा गांधी का किरदार निभा रहे हैं और फिल्म से उनका पहला लुक भी सामने आ गया है। सामने आई तस्वीरों में मनोज बाजपेयी का रूप काफी बदला हुआ दिखाई दे रहा है।
गांधी जी के व्यक्तित्व को पर्दे पर उतारने के लिए अभिनेता के पहनावे के साथ-साथ उनके हाव-भाव और बॉडी लैंग्वेज पर भी खास ध्यान दिया गया है। यही बदलाव उन्हें पहली नजर में पहचानना मुश्किल बना देता है। उनका यह लुक सामने आने के बाद फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ गई है। मनोज पहली बार महात्मा गांधी की भूमिका निभाते दिखाई देंगे, इसलिए यह देखना दिलचस्प होगा कि वह इस ऐतिहासिक शख्सियत के व्यक्तित्व और विचारों को अपने अभिनय के जरिए किस तरह पेश करते हैं।
किरदार की गहराई मायने रखती है
हाल ही में ‘लास्ट मैन इन टॉवर’ के प्रमोशन के दौरान आईएएनएस से बातचीत में मनोज बाजपेयी ने एक्टिंग और किरदारों की तैयारी को लेकर अपनी सोच साझा की थी। उन्होंने बताया था कि कलाकार के लिए किसी किरदार की उम्र सबसे बड़ी चुनौती नहीं होती। असली काम उसके व्यक्तित्व और कहानी की अलग-अलग परतों को समझना है।
सेट पर भी जारी रहती है किरदार की तैयारी
मनोज के अनुसार, किसी किरदार की तैयारी केवल शूटिंग शुरू होने से पहले खत्म नहीं हो जाती। सेट पर सह-कलाकारों की ऊर्जा, माहौल और सीन के दौरान मिलने वाले अनुभव भी अभिनय को प्रभावित करते हैं। कई बार शूटिंग के दौरान ऐसी बारीकियां सामने आती हैं, जिनकी पहले कल्पना नहीं की गई होती।
इसी वजह से वह अभिनय को लगातार सीखने और समझने वाली प्रक्रिया मानते हैं। कई बार कैमरे के सामने काम करते हुए ही कलाकार अपने किरदार को एक नए नजरिए से समझ पाता है।