HomeBreaking Newsग्रेटर नोएडा में खूनी वारदात, ईंट से कुचलकर युवक की हत्या, गांव...

ग्रेटर नोएडा में खूनी वारदात, ईंट से कुचलकर युवक की हत्या, गांव में मचा कोहराम!

उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा(Greater Noida) से एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। दनकौर थाना क्षेत्र के सलारपुर गांव में एक 45 वर्षीय व्यक्ति की कथित तौर पर ईंट से हमला कर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे गांव में तनाव का माहौल बन गया। वहीं, परिवार के लोगों में गहरा आक्रोश देखने को मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

क्या है पूरा मामला?

मिली जानकारी के मुताबिक, सलारपुर गांव के रहने वाले वीरेंद्र कसाना देर रात अपने घर के पास मौजूद थे। बताया जा रहा है कि वह अपने बड़े भाई के घर से वापस लौटकर अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान गांव के ही एक युवक से उनकी कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद के बीच युवक ने पीछे से वीरेंद्र के सिर पर ईंट से जोरदार हमला कर दिया।

हमले में वीरेंद्र गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। घटना के बाद उन्हें तुरंत इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस खबर के सामने आते ही परिवार में मातम छा गया।

परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप

मृतक के भाई तेजपाल कसाना ने बताया कि उनके भाई का आरोपी युवक के साथ किसी तरह का विवाद नहीं था। उनका आरोप है कि वीरेंद्र जब घर लौट रहे थे, तभी अचानक पीछे से उन पर ईंट से हमला किया गया। घटना के बाद परिजनों ने नाराजगी जताते हुए काफी देर तक हंगामा किया और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया

दनकौर पुलिस के मुताबिक, इस मामले में हल्लू कसाना नाम के करीब 26 वर्षीय युवक पर हमला करने का आरोप है। हालांकि, पुलिस की जानकारी में आरोपी का नाम सोविंदर भी बताया गया है। आरोपी को घायल अवस्था में हिरासत में लेकर उसका इलाज कराया जा रहा है। पुलिस ने वीरेंद्र के शव का पंचनामा भरने के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

साथ ही, परिजनों की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस के मुताबिक, गांव के लोगों से पूछताछ में आरोपी के शराब पीने का आदी होने की जानकारी भी सामने आई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों ने परिजनों को उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।

यह भी पढ़ें : लॉस एंजिल्स में 5.0 तीव्रता के भूकंप से हड़कंप, एयरपोर्ट की खिड़कियां टूटीं…

RELATED ARTICLES

1 COMMENT

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments