HomeBreaking NewsRSS का 'राष्ट्र वंदनम्' आज, रोहिणी में जुटेंगे 2 लाख लोग, 5...

RSS का ‘राष्ट्र वंदनम्’ आज, रोहिणी में जुटेंगे 2 लाख लोग, 5 लेयर की सुरक्षा, 20 हजार स्वयंसेवक संभालेंगे मोर्चा, पूर्व CJI जस्टिस जेएस खेहर होंगे मुख्य अतिथि

RSS Rashtra Vandanam: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के शताब्दी वर्ष के समापन के अवसर पर आज दिल्ली के रोहिणी में भव्य ‘राष्ट्र वंदनम्’ कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। रोहिणी सेक्टर-23 स्थित समरसता स्थल पर होने वाले इस कार्यक्रम में करीब 2 लाख लोगों के पहुंचने की संभावना है।

इतनी बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी को देखते हुए सुरक्षा के बेहद कड़े इंतजाम किए गए हैं। पूरे आयोजन स्थल को 23 जोन में बांटा गया है और सुरक्षा की जिम्मेदारी पांच लेयर में तय की गई है।

दिल्ली पुलिस, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल ( CISF ), रैपिड एक्शन फोर्स (RAF), सीआईडी समेत अन्य सुरक्षा एजेंसियां मोर्चा संभालेंगी। इनके अलावा करीब 20 हजार स्वयंसेवक भी व्यवस्थाओं में सहयोग करेंगे।

23 जोन में बांटा गया आयोजन स्थल

कार्यक्रम में भीड़ को नियंत्रित करने और लोगों की आवाजाही सुचारू रखने के लिए विशेष योजना तैयार की गई है। आयोजन स्थल को 23 अलग-अलग जोन में विभाजित किया गया है। वहीं, 11 विभागों के तहत कुल 19 प्रवेश द्वार बनाए गए हैं।

पूरे कार्यक्रम को तीन सिटी में बांटकर व्यवस्थाएं की गई हैं। करीब 20 हजार स्वयंसेवक यातायात नियंत्रण, भीड़ प्रबंधन और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं में प्रशासन की मदद करेंगे। सुरक्षा एजेंसियां एंटी-सैबोटाज जांच के साथ बम निरोधक दस्तों और डॉग स्क्वॉड की मदद से भी पूरे परिसर की निगरानी करेंगी।

CCTV कैमरों और ड्रोन से होगी निगरानी

कार्यक्रम स्थल और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इसके अलावा ड्रोन के जरिए भी हर गतिविधि पर नजर रखी जाएगी।

आयोजन स्थल से करीब डेढ़ किलोमीटर पहले ही वाहनों को रोकने की व्यवस्था की गई है। पार्किंग के लिए 4 से 5 हजार बसों और 40 से 50 हजार कारों की व्यवस्था की गई है। कार्यक्रम में प्रवेश के लिए अलग-अलग QR कोड जारी किए गए हैं। बिना QR कोड के किसी भी व्यक्ति को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

दमकल की 7 गाड़ियां और 45 फायरकर्मी रहेंगे तैनात

किसी भी संभावित आगजनी की घटना से निपटने के लिए दमकल विभाग ने भी विशेष तैयारियां की हैं। आयोजन स्थल पर सात दमकल गाड़ियां तैनात रहेंगी। इनके साथ 45 फायरकर्मी भी मौजूद रहेंगे।

इसके अलावा दो फायर कंट्रोल रूम बनाए गए हैं। दमकल की गाड़ियों को अलग-अलग स्थानों पर खड़ा किया जाएगा, ताकि आपात स्थिति में बिना देरी के घटनास्थल तक पहुंचा जा सके।

मेडिकल इमरजेंसी के लिए 5 अस्पतालों की व्यवस्था

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने को देखते हुए चिकित्सा सुविधाओं का भी विशेष ध्यान रखा गया है। किसी भी मेडिकल इमरजेंसी से निपटने के लिए कुल पांच अस्पतालों की व्यवस्था की गई है।

इनमें एक 10 बेड का अस्पताल 25 नवंबर से ही शुरू हो चुका है। इसके अलावा चार अस्थायी अस्पताल बनाए गए हैं, जिनमें पांच-पांच बेड की सुविधा उपलब्ध होगी।

मेडिकल व्यवस्था में संजय गांधी अस्पताल और रोहिणी के डॉ. आंबेडकर अस्पताल के डॉक्टरों की टीमें भी शामिल रहेंगी। इसके साथ ही आरएसएस से जुड़ी मेडिकल टीमें भी कार्यक्रम के दौरान सेवाएं देंगी।

कार्यक्रम में इन सामानों को ले जाने पर प्रतिबंध

सुरक्षा कारणों से कार्यक्रम स्थल पर कई तरह की वस्तुएं ले जाने पर रोक लगाई गई है। इनमें बैग, चाकू, ब्लेड, कैंची, नुकीली वस्तुएं, लाइटर, माचिस, मोबाइल फोन, वायरलेस ईयरफोन, कैमरा, पेन, हथियार, गोला-बारूद, विस्फोटक और पटाखे शामिल हैं।

इसके अलावा बाहर से लाया गया खाने-पीने का सामान, रिमोट कार की चाबी, दूरबीन, रेडियो ट्रांसमीटर, बीड़ी, सिगरेट, थर्मस फ्लास्क, छाता, लैपटॉप और कॉस्मेटिक सामान (परफ्यूम, मेकअप आदि) भी आयोजन स्थल के अंदर ले जाने की अनुमति नहीं होगी।

प्रशासन और आयोजन से जुड़े स्वयंसेवकों ने सुरक्षा के साथ-साथ भीड़ प्रबंधन और आपातकालीन सेवाओं को लेकर व्यापक तैयारियां की हैं, ताकि इतने बड़े आयोजन को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया जा सके।

Read More:

Jharkhand Accident: रांची-पटना हाईवे पर मौत का तांडव, स्कॉर्पियो हादसे में 4 बच्चों और 4 महिलाओं समेत 13 की मौत

Yogita Tyagi
Yogita Tyagihttps://mhone.in/
योगिता त्यागी एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, मनोरंजन, धर्म और लाइफस्टाइल विषयों में विशेष रुचि है। वर्तमान में वह Mhone News के राजनीतिक, धर्म और मनोरंजन सेक्शन के लिए सक्रिय रूप से लेखन कर रही हैं। डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ, उन्होंने अपने करियर में कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों- जैसे दैनिक भास्कर, पंजाब केसरी, इंडिया डेली लाइव और ITV नेटवर्क में योगदान दिया है। योगिता ने गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (GGSIPU) से मास कम्युनिकेशन और जर्नलिज्म में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है, जिसने उनके डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में गहन, प्रभावशाली और विश्वसनीय लेखन की मजबूत नींव रखी है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments