सप्ताह के पहले ही कारोबारी दिन देश के सर्राफा बाजार से लेकर कमोडिटी एक्सचेंज तक सोने और चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट देखने को मिली है। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) और घरेलू बाजार दोनों जगह बाजार खुलते ही कीमती धातुओं के दाम धड़ाम हो गए। 24 कैरेट सोने की कीमत में जहाँ 4,000 रुपये प्रति 10 ग्राम से अधिक की कमी आई है, वहीं 1 किलोग्राम चांदी का भाव 9,000 रुपये से अधिक गिर गया है। बीते हफ्ते से जारी उथल-पुथल के बीच इस भारी गिरावट ने निवेशकों और खरीदारों दोनों को हैरान कर दिया है।
चांदी के भाव में ₹9,000 से अधिक की बड़ी गिरावट
घरेलू बाजार में सोमवार को चांदी के दामों में सबसे बड़ा क्रैश देखा गया। इंडियन बुलियन ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के आंकड़ों के मुताबिक, 1 किलोग्राम चांदी का भाव अपने पिछले बंद स्तर 2,32,350 रुपये से अचानक 9,158 रुपये फिसलकर 2,23,192 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गया। वहीं एमसीएक्स (MCX) पर 4 दिसंबर की एक्सपायरी वाली वायदा चांदी का भाव 7,499 रुपये टूटकर 2,27,197 रुपये प्रति किलोग्राम दर्ज किया गया, जबकि इसका पिछला बंद भाव 2,34,696 रुपये था।
सोने की कीमतों में भी आया बड़ा उछाल
चांदी के साथ-साथ सोने के बाजार में भी भारी बिकवाली दर्ज की गई। घरेलू सर्राफा बाजार में 24 कैरेट सोना अपने पिछले बंद 1,52,113 रुपये के मुकाबले 4,073 रुपये सस्ता होकर 1,48,040 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। वायदा बाजार (MCX) की बात करें तो 24 कैरेट सोने का भाव 3,538 रुपये घटकर 1,47,343 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज किया गया, जो पिछले कारोबारी दिन 1,50,881 रुपये पर बंद हुआ था।
खरीदारों के लिए टैक्स और मेकिंग चार्ज का नियम
इंडियन बुलियन ज्वेलर्स एसोसिएशन द्वारा जारी किए गए ये रेट्स पूरे देश में एक समान होते हैं। हालांकि, आम ग्राहकों को इस बात का ध्यान रखना होगा कि जब वे ज्वैलरी की खरीदारी के लिए सर्राफा दुकानों पर जाएंगे, तो इन बेसिक रेट्स के ऊपर 3 प्रतिशत जीएसटी (GST) और दुकानों के हिसाब से मेकिंग चार्ज अलग से देना होगा, जिससे गहनों की अंतिम कीमत बढ़ जाएगी।
READ MORE: कटिहार में नौकरी का झांसा देकर युवती के साथ दुष्कर्म, लोको पायलट की तलाश में जुटी पुलिस

