दिल्ली में नकली रेबीज वैक्सीन के कारोबार का खुलासा हुआ है। ड्रग्स कंट्रोल डिपार्टमेंट ने भागीरथ पैलेस में कार्रवाई करते हुए करीब 2 लाख रुपये कीमत की 481 संदिग्ध वैक्सीन यूनिट जब्त की हैं। टीम ने जांच के लिए 120 वायल के सैंपल भी लिए। शुरुआती जांच में इन नकली वैक्सीन के तार उत्तर प्रदेश के कानपुर से जुड़े होने की जानकारी सामने आई है।
तीन ठिकानों पर हुई छापेमारी
दिल्ली ड्रग्स कंट्रोल डिपार्टमेंट ने भागीरथ पैलेस में तीन जगहों पर तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान एक फर्म और उससे जुड़े गोदाम से ह्यूमन IP यानी प्यूरिफाइड वेरो सेल रेबीज वैक्सीन (अभयराब) की 481 यूनिट बरामद हुईं। अधिकारियों ने बरामद वैक्सीन के सैंपल भी लिए हैं, ताकि उनकी गुणवत्ता और असली-नकली होने से जुड़े पहलुओं की जांच की जा सके। बरामद वैक्सीन के पैकेट पर तेलंगाना की कंपनी M/S ह्यूमन बायोलॉजिकल इंस्टीट्यूट का नाम दर्ज था। हालांकि, कंपनी ने जांच के दौरान स्पष्ट किया कि बरामद वैक्सीन का संबंधित बैच उसने जारी ही नहीं किया था। कंपनी की पुष्टि के बाद इसे नकली वैक्सीन माना गया है। अधिकारियों के मुताबिक, मामले में नकली दवा की सप्लाई और वितरण से जुड़े लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है।
कानपुर की एजेंसी तक पहुंची जांच
मामले की जांच में एक अहम कड़ी उत्तर प्रदेश के कानपुर से सामने आई। भागीरथ पैलेस स्थित फर्म ने कथित तौर पर अधिकारियों को बताया कि उसने ये वैक्सीन कानपुर की एक एजेंसी से खरीदी थीं। इस जानकारी के बाद दिल्ली ड्रग्स कंट्रोल डिपार्टमेंट ने उत्तर प्रदेश के ड्रग्स कंट्रोल डिपार्टमेंट के साथ इनपुट साझा किया। इसके आधार पर यूपी की टीम ने कानपुर में दो जगहों पर छापेमारी की। यूपी में कार्रवाई के दौरान संबंधित एजेंसी ने कथित तौर पर दिल्ली में नकली वैक्सीन भेजने की बात स्वीकार की। अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि नकली वैक्सीन कहां तैयार हुईं, इनके पीछे कौन लोग हैं और दिल्ली के अलावा इनकी सप्लाई किन इलाकों तक की गई।
मंत्री बोले- क्वालिटी से समझौता नहीं
स्वास्थ्य मंत्री पंकज कुमार सिंह ने कहा कि नकली दवाओं के कारोबार के खिलाफ सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति है। उन्होंने कहा कि रेबीज गंभीर और कई मामलों में जानलेवा बीमारी है, इसलिए वैक्सीन की गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। मंत्री कार्यालय के मुताबिक, दिल्ली के बाहर के सप्लायर समेत मामले से जुड़े सभी लोगों के खिलाफ ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट के तहत कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। जांच अब दिल्ली से आगे बढ़कर कानपुर तक पहुंच चुकी है।
Read More
जयपुर की मर्सिडीज वर्कशॉप बनी आग का गोला, 8 कारें जलकर खाक, 10 दमकलों ने 2 घंटे में पाया काबू


[…] […]
[…] […]