नोएडा में नौकरी की तलाश में आई 19 साल की युवती की हत्या का मामला सामने आया है। 10 अगस्त को बरौला इलाके के एक PG(Noida PG) में उसका शव मिला। मामला सेक्टर-49 थाना क्षेत्र का है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शुरुआती जांच में युवती की धारदार हथियार से हत्या किए जाने की आशंका जताई गई है।
पुलिस के मुताबिक, युवती अपनी एक दोस्त के साथ नोएडा आई थी। दोनों यहां निजी नौकरी तलाश रही थीं। जिस कमरे में युवती का शव मिला, वह उसकी दोस्त के कमरे के बिल्कुल पास था। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मौके को सुरक्षित किया और फोरेंसिक टीम तथा फील्ड यूनिट को बुलाकर जरूरी साक्ष्य जुटाए।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
पुलिस ने शव का पंचायतनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि हत्या के पीछे की वजह और वारदात में शामिल व्यक्ति के बारे में अभी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। यह भी जांच की जा रही है कि घटना के समय कमरे में कौन मौजूद था और युवती वहां किसी से मिलने आई थी या कोई व्यक्ति उससे मिलने पहुंचा था।
आरोपी की तलाश में कई टीमें
पुलिस को जांच के दौरान कुछ अहम सुराग मिलने की बात कही गई है। इन्हीं के आधार पर आरोपी तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है। एडीसीपी नोएडा मनीषा सिंह के मुताबिक, आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई पुलिस टीमें बनाई गई हैं। संभावित ठिकानों पर दबिश के साथ संदिग्ध लोगों से पूछताछ भी की जा रही है। फिलहाल पुलिस हत्या की वजह और आरोपी की पहचान पता करने में जुटी है।