स्वतंत्रता दिवस और उससे पहले होने वाली फुल ड्रेस रिहर्सल को देखते हुए दिल्ली(Delhi) ट्रैफिक पुलिस ने विशेष एडवाइजरी जारी की है। 13 और 15 अगस्त को लाल किला और आसपास के इलाकों में सुबह 4 बजे से 10 बजे तक कई प्रमुख रास्तों पर आम वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। इन मार्गों पर केवल अधिकृत और पास वाले वाहनों को जाने की अनुमति होगी।
नेताजी सुभाष मार्ग, लोधियन रोड, एसपी मुखर्जी मार्ग, चांदनी चौक रोड, निषाद राज मार्ग और एस्प्लेनेड रोड के अलावा राजघाट से आईएसबीटी तक रिंग रोड पर भी ट्रैफिक प्रतिबंध रहेगा। इंडिया गेट सी-हेक्सागन, तिलक मार्ग, मथुरा रोड, बीएसजेड मार्ग और जेएलएन मार्ग समेत कुछ अन्य सड़कों पर भी वाहन चालकों को जाने से बचने की सलाह दी गई है।
मालवाहक वाहनों और बसों पर भी असर
13 अगस्त की रिहर्सल के दौरान 12 अगस्त रात 12 बजे से 13 अगस्त सुबह 11 बजे तक निजामुद्दीन खट्टा से वजीराबाद ब्रिज के बीच मालवाहक वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। महाराणा प्रताप आईएसबीटी और सराय काले खां आईएसबीटी के बीच अंतरराज्यीय बस सेवा भी प्रभावित रहेगी। 15 अगस्त को भी इसी तरह की व्यवस्था 14 अगस्त रात 12 बजे से लागू होगी।
यात्रियों के लिए वैकल्पिक रास्ते
दक्षिण और उत्तर दिल्ली के बीच आने-जाने वाले वाहन अरविंदो मार्ग, सफदरजंग रोड, कौटिल्य मार्ग, पंचकुइयां रोड और रानी झांसी रोड जैसे वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल कर सकते हैं। पूर्वी-पश्चिमी दिल्ली के बीच सफर करने वालों के लिए NH-24/NH-9, बारापुला रोड और रिंग रोड जैसे मार्ग विकल्प होंगे।
डीटीसी और क्लस्टर बसों के कई रूट भी बदले जाएंगे। यात्रियों को सलाह दी गई है कि घर से निकलने से पहले अपना रास्ता जांच लें और सफर के लिए अतिरिक्त समय रखें।