CWG 2026: कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत की पदक झोली लगातार भरती जा रही है। मंगलवार रात भारतीय वेटलिफ्टर हरजिंदर कौर ने महिलाओं की 69 किलोग्राम भार वर्ग में सिल्वर मेडल जीतकर देश को वेटलिफ्टिंग में सातवां पदक दिलाया। उन्होंने कुल 227 किलोग्राम वजन उठाया, जिसमें स्नैच में 101 किलोग्राम और क्लीन एंड जर्क में 126 किलोग्राम शामिल रहा। क्लीन एंड जर्क में उनके प्रदर्शन ने नया गेम्स रिकॉर्ड भी बनाया।
क्लीन एंड जर्क में बनाया नया रिकॉर्ड
हरजिंदर कौर ने क्लीन एंड जर्क की शुरुआत 120 किलोग्राम वजन के साथ की। इसके बाद दूसरे प्रयास में उन्होंने 123 किलोग्राम वजन सफलतापूर्वक उठाया और इस इवेंट में कॉमनवेल्थ गेम्स का नया रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। आखिरी प्रयास में उन्होंने 126 किलोग्राम वजन उठाकर अपना अभियान शानदार अंदाज में पूरा किया। इस प्रदर्शन के साथ उनका कुल स्कोर 227 किलोग्राम रहा और उन्होंने सिल्वर मेडल पर कब्जा जमाया।
कनाडा की शार्लेट सिमोनो ने जीता गोल्ड
इस मुकाबले में कनाडा की शार्लेट सिमोनो ने 240 किलोग्राम के कुल स्कोर के साथ गोल्ड मेडल अपने नाम किया। उन्होंने स्नैच में 108 किलोग्राम और क्लीन एंड जर्क में 132 किलोग्राम वजन उठाया। दोनों लिफ्ट और कुल स्कोर में उन्होंने कॉमनवेल्थ गेम्स के नए रिकॉर्ड भी बनाए। वहीं ऑस्ट्रेलिया की नया फीबे हेमैन ने 218 किलोग्राम (97kg स्नैच + 121kg क्लीन एंड जर्क) के साथ ब्रॉन्ज मेडल जीता। वह हरजिंदर कौर से 9 किलोग्राम पीछे रहीं।
वेटलिफ्टिंग में भारत का शानदार अभियान
कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में वेटलिफ्टिंग एक बार फिर भारत के सबसे सफल खेलों में शामिल रहा है। इस स्पर्धा में भारत अब तक सात पदक जीत चुका है। इनमें एक स्वर्ण, पांच रजत और एक कांस्य पदक शामिल हैं। हरजिंदर कौर का सिल्वर मेडल भारत के शानदार प्रदर्शन में एक और अहम उपलब्धि बनकर जुड़ा है।
वेटलिफ्टिंग में भारत के मेडल जीतने वाले खिलाड़ी
-
मीराबाई चानू (स्वर्ण, भारोत्तोलन)
-
ऋषिकांत सिंह (रजत, भारोत्तोलन)
-
मुथुपंडी राजा (रजत, भारोत्तोलन)
-
ज्ञानेश्वरी यादव (रजत, भारोत्तोलन)
-
वल्लुरी अजय बाबू (रजत, भारोत्तोलन)
-
बिंद्यारानी देवी (कांस्य, भारोत्तोलन)
-
हरजिंदर कौर (रजत, भारोत्तोलन)
Read More:

