अमेरिका में 16 वर्षीय लाइफगार्ड राइडर (Ryder) की बहादुरी इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है। उन्होंने अपनी जान की परवाह किए बिना समुद्र की तेज लहरों में फंसे 10 वर्षीय बच्चे को सुरक्षित बाहर निकालकर उसकी जान बचाई। इस साहसिक काम के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप(Donald Trump) ने राइडर को व्हाइट हाउस आने का निमंत्रण देने और उन्हें देश के उच्च नागरिक सम्मान से सम्मानित करने की घोषणा की है।
यह घटना सैन फ्रांसिस्को से करीब 72 मील दूर स्थित सांता क्रूज के सीब्राइट बीच की है। सप्ताहांत के दौरान एक 10 साल का बच्चा समुद्र की ऊंची और तेज लहरों की चपेट में आकर बहने लगा। स्थिति बेहद चुनौतीपूर्ण थी लेकिन ड्यूटी पर मौजूद 16 वर्षीय लाइफगार्ड ने बिना देर किए बचाव अभियान शुरू कर दिया।
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि राइडर बच्चे को मजबूती से पकड़े हुए हैं जबकि लगातार उठ रही लहरें दोनों को वापस समुद्र की ओर खींचने की कोशिश कर रही हैं। कठिन परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने बच्चे का साथ नहीं छोड़ा और लगातार संघर्ष करते रहे।
लोगों की मदद से बची जान
रेस्क्यू के दौरान आसपास मौजूद लोगों ने भी दोनों की मदद करने की कोशिश की। काफी प्रयासों के बाद लाइफगार्ड बच्चे को सुरक्षित किनारे तक लाने में सफल रहे। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग राइडर की बहादुरी की सराहना कर रहे हैं।
ट्रंप ने किया सम्मान का ऐलान
डोनाल्ड ट्रंप ने 28 जुलाई को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि वह इस बहादुर किशोर, उसके परिवार और संभव हो तो उस बच्चे को भी व्हाइट हाउस बुलाना चाहते हैं जिसकी जान बचाई गई। उन्होंने कहा कि राइडर ने असाधारण साहस दिखाया है और वह एक बड़े नागरिक सम्मान के पूरी तरह हकदार हैं।
We’re going to bring this heroic young man, and his family, into the White House with, perhaps, the boy he saved, to give him a High Civilian Honor. Very brave, he deserves it! President DONALD J. TRUMP https://t.co/dGL15o1tIv
— Donald J. Trump (@realDonaldTrump) July 28, 2026

