HomeBreaking Newsअमृतसर से विदेश जाना हुआ आसान, 'ईजी कनेक्ट' सेवा हुई शुरू, अब...

अमृतसर से विदेश जाना हुआ आसान, ‘ईजी कनेक्ट’ सेवा हुई शुरू, अब 27 अंतरराष्ट्रीय शहरों तक बिना झंझट मिलेगा सफर

Easy Connect Service: श्री गुरु राम दास जी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, अमृतसर से एयर इंडिया ने सोमवार से ‘ईजी कनेक्ट’ सेवा शुरू कर दी है। इस नई सुविधा के जरिए यात्री दिल्ली के रास्ते उत्तरी अमेरिका, ब्रिटेन, यूरोप, ऑस्ट्रेलिया, पश्चिम एशिया और दक्षिण-पूर्व एशिया समेत 27 अंतरराष्ट्रीय जगहों तक पहले से अधिक आसान तरीके से यात्रा कर सकेंगे। यह सेवा केंद्र सरकार के हब-एंड-स्पोक मॉडल के तहत शुरू की गई है।

केंद्रीय मंत्री ने दी शुभकामनाएं

कार्यक्रम में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राम मोहन नायडू व्यक्तिगत रूप से शामिल नहीं हो सके। उन्होंने वीडियो संदेश के माध्यम से सेवा की शुरुआत पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अमृतसर में हब-एंड-स्पोक मॉडल का विस्तार देश के अलग-अलग हिस्सों को विश्वस्तरीय हवाई संपर्क उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ा फैसला है। उन्होंने कहा कि इससे पंजाब का वैश्विक संपर्क मजबूत होगा और पर्यटन, व्यापार और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा मिलेगा।

यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत

नई व्यवस्था के तहत अंतरराष्ट्रीय यात्री अमृतसर एयरपोर्ट पर ही अपने अंतिम गंतव्य तक के लिए चेक-इन और इमिग्रेशन की प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे। इसके बाद दिल्ली पहुंचने पर उन्हें दोबारा बैगेज चेक-इन कराने या टर्मिनल बदलने की जरुरत नहीं होगी। यात्री सीधे अंतरराष्ट्रीय ट्रांजिट यात्री के रूप में अपनी आगे की उड़ान पकड़ सकेंगे, जिससे यात्रा पहले की तुलना में अधिक सुविधाजनक होगी।

दिल्ली के लिए रोजाना दो उड़ानें

एयर इंडिया अमृतसर से दिल्ली के लिए प्रतिदिन दो उड़ानें संचालित करेगी। पहली उड़ान AI- 1113 सुबह 9:10 बजे अमृतसर से रवाना होकर 10:40 बजे दिल्ली पहुंचेगी। दूसरी उड़ान एआई-1115 रात 10 बजे अमृतसर से उड़ान भरेगी और 11:20 बजे दिल्ली पहुंचेगी। इन दोनों उड़ानों के जरिए यात्री दिल्ली पहुंचने के चार घंटे के भीतर 27 अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों के लिए कनेक्टिंग उड़ानें पकड़ सकेंगे।

विदेश जाने वालों को होगा फायदा

एयर इंडिया के गवर्नेंस, रिस्क, कंप्लायंस एवं कॉर्पोरेट अफेयर्स के ग्रुप हेड पी. बालाजी ने कहा कि पंजाब के बड़ी संख्या में लोग अमेरिका, कनाडा, ब्रिटेन और ऑस्ट्रेलिया सहित कई देशों में रहते हैं। नई व्यवस्था से यात्रियों को विदेशी हवाई अड्डों पर बार-बार औपचारिकताएं पूरी करने और लंबी ट्रांजिट प्रक्रिया से राहत मिलेगी।

इन शहरों के लिए मिलेगी कनेक्टिविटी

सुबह संचालित होने वाली उड़ान के जरिए यात्री लंदन, बर्मिंघम, पेरिस, मिलान, कोपेनहेगन, वियना, एम्स्टर्डम, ज्यूरिख, फ्रैंकफर्ट और रोम सहित कई यूरोपीय शहरों तक पहुंच सकेंगे। वहीं रात की उड़ान से न्यूयॉर्क, नेवार्क, सैन फ्रांसिस्को, शिकागो, टोरंटो, वैंकूवर, मेलबर्न, सिडनी, सिंगापुर, फुकेत, बाली और दुबई समेत दूसरे गंतव्यों के लिए कनेक्टिविटी उपलब्ध होगी।

आगे और शहरों तक बढ़ेगी सुविधा

एयर इंडिया के अनुसार, आने वाले समय में अहमदाबाद, गोवा, कोच्ची और अन्य शहरों से भी ‘ईजी कनेक्ट’ सेवा शुरू की जाएगी। इसके अलावा अगले दो महीनों में अमृतसर के लिए अंतरराष्ट्रीय से घरेलू उड़ानों के ट्रांजिट की सुविधा भी इसी मॉडल के तहत लागू किए जाने की योजना है।

Read More:

जल्लाद बनी पाकिस्तानी फौज! PoK में गोलियों से भूने गए दर्जनों प्रदर्शनकारी, रावलकोट में लगा लाशों का ढेर

Yogita Tyagi
Yogita Tyagihttps://mhone.in/
योगिता त्यागी एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, मनोरंजन, धर्म और लाइफस्टाइल विषयों में विशेष रुचि है। वर्तमान में वह Mhone News के राजनीतिक, धर्म और मनोरंजन सेक्शन के लिए सक्रिय रूप से लेखन कर रही हैं। डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ, उन्होंने अपने करियर में कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों- जैसे दैनिक भास्कर, पंजाब केसरी, इंडिया डेली लाइव और ITV नेटवर्क में योगदान दिया है। योगिता ने गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (GGSIPU) से मास कम्युनिकेशन और जर्नलिज्म में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है, जिसने उनके डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में गहन, प्रभावशाली और विश्वसनीय लेखन की मजबूत नींव रखी है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments