J&K Accident: जम्मू-कश्मीर के गांदरबल जिले में मंगलवार सुबह श्री अमरनाथ यात्रा से लौट रहे लोगों की बस हादसे का शिकार हो गई। जानकारी के अनुसार, गांदरबल के गुंड इलाके में 39 तीर्थयात्रियों को लेकर जा रही बस खतरनाक रास्ते पर अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में बस में सवार सभी 39 लोग घायल हो गए। सभी यात्री बाबा बर्फानी के दर्शन कर वापस लौट रहे थे।
पुलिस, ITBP, CRPF और सेना ने तुरंत चलाया बचाव अभियान
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, ITBP, CRPF, सेना और स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर तुरंत राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। संयुक्त प्रयास से सभी घायलों को सुरक्षित निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सभी घायलों की हालत फिलहाल स्थिर है और अधिकांश लोगों को मामूली चोटें आई हैं।
SKIMS अस्पताल में चल रहा है इलाज
घायलों को इलाज के लिए श्रीनगर स्थित SKIMS अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। स्वास्थ्य विभाग की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है ताकि सभी को समय पर जरुरी चिकित्सा सुविधा मिल सके।
मनोज सिन्हा ने लिया हादसे का संज्ञान
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने हादसे का संज्ञान लेते हुए बताया, “मैंने गांदरबल के डिप्टी कमिश्नर और स्वास्थ्य अधिकारियों से बात की और आज सुबह गांदरबल के गनीवान में हुए दुर्भाग्यपूर्ण सड़क हादसे में घायल हुए श्री अमरनाथ जी यात्रा के तीर्थयात्रियों की सेहत के बारे में जानकारी ली। श्री बाबा बर्फानी के दर्शन करके लौट रहे 39 लोग घायल हो गए हैं और अभी उनका SKIMS में इलाज चल रहा है। मैंने स्वास्थ्य अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे हर जरूरी मदद और बेहतरीन मेडिकल देखभाल सुनिश्चित करें। मैं भगवान शिव से घायल श्रद्धालुओं के जल्द ठीक होने के लिए प्रार्थना करता हूं।”
प्रशासन हालात पर रखे हुए है नजर
प्रशासन ने बताया कि सभी घायलों का इलाज जारी है और उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। राहत एवं बचाव अभियान समय पर पूरा कर लिया गया, जिससे सभी श्रद्धालुओं को जल्द चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा सकी।
Read More:

