Encounter in Mohali: मोहाली के इंडस्ट्रियल एरिया में सोमवार को एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स और मोहाली पुलिस के जॉइंट ऑपेरशन के दौरान पुलिस और आरोपियों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के मुताबिक, शनिवार को पुलिस टीम पर फायरिंग और तलवारों से हमला करने वाले आरोपियों को पकड़ने के लिए अभियान चलाया गया था। कार्रवाई के दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर दोबारा फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई। इस दौरान दो आरोपियों के पैर में गोली लगी, जबकि तीसरे आरोपी को सुरक्षित गिरफ्तार कर लिया गया।
दो आरोपी घायल
घायल आरोपियों की पहचान जसकरण और लखविंदर के रूप में हुई है। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं तीसरे आरोपी गगन को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। एसएसपी हरमनदीप सिंह हंस ने बताया कि तीनों आरोपी मोहाली क्षेत्र के रहने वाले हैं।
मौके से हथियार-कारतूस बरामद
पुलिस ने मुठभेड़ के बाद मौके से दो पिस्टल और कारतूस बरामद किए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही एसएसपी हरमनदीप सिंह हंस मौके पर पहुंचे और पूरे ऑपरेशन का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि बरामद दोनों पिस्टलों की फॉरेंसिक जांच कराई जाएगी। जांच के जरिए यह पता लगाया जाएगा कि शनिवार को पुलिसकर्मियों पर की गई फायरिंग में इन्हीं हथियारों का इस्तेमाल हुआ था या नहीं।
शनिवार को पुलिस टीम पर हुआ था हमला
शनिवार को सनेटा गांव के पास ड्रग तस्करों को पकड़ने गई CIA-2 (ANTF) की टीम पर आरोपियों ने अचानक फायरिंग कर दी थी। इसके बाद आरोपियों ने तलवारों से भी हमला किया था। इस हमले में कांस्टेबल जगजीत के पैर में गोली लगी थी, जबकि कांस्टेबल परमजीत उर्फ पम्मा की टांग में पिंडली के पास गोली लगी थी। दोनों घायल पुलिसकर्मियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
गंभीर धाराओं में दर्ज हुआ मामला
इस हमले के बाद पुलिस ने सोहाना थाने में आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास, सरकारी कार्य में बाधा, आर्म्स एक्ट समेत अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था। जांच के दौरान पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही थी। इसी क्रम में सोमवार को मिली सूचना के आधार पर एजीटीएफ और मोहाली पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए इंडस्ट्रियल एरिया में आरोपियों को घेर लिया। पुलिस के अनुसार, आत्मसमर्पण करने के बजाय आरोपियों ने दोबारा फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में दो आरोपी घायल हो गए।
रिमांड में होगी नेटवर्क और साजिश की जांच
एसएसपी हरमनदीप सिंह हंस ने बताया कि अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद घायल आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड लिया जाएगा। रिमांड के दौरान वारदात में इस्तेमाल हथियारों के स्रोत, आरोपियों के अन्य साथियों, ड्रग्स नेटवर्क और पुलिस पर हमले की पूरी साजिश के संबंध में पूछताछ की जाएगी। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी किसी संगठित आपराधिक गिरोह से जुड़े हैं या नहीं। वहीं इस मामले में दो अन्य आरोपियों ने सोमवार सुबह अदालत में सरेंडर कर दिया था।
Read More:
NDA की मंगल मिलन बैठक आज, मानसून सत्र की रणनीति पर होगी चर्चा

