Unnao Lucknow-Agra Expressway Bus Accident: उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर यात्रियों से भरी एक डबल डेकर बस अनियंत्रित होकर रेलिंग से टकरा गई और पलट गई। हादसे में 6 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब 19 लोग घायल हो गए। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
दिल्ली से गोरखपुर जा रही थी बस
जानकारी के मुताबिक, डबल डेकर बस दिल्ली से गोरखपुर जा रही थी। हादसा उन्नाव के औरास थाना क्षेत्र में एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 262 पर हुआ। सुबह के समय तेज रफ्तार से चल रही बस अचानक अनियंत्रित हो गई। बताया जा रहा है कि चालक को नींद की झपकी आने के कारण बस का संतुलन बिगड़ गया। इसके बाद बस पहले रेलिंग से टकराई और फिर पलट गई।
कई यात्री बस से गिरे बाहर
टक्कर इतनी तेज थी कि बस के शीशे टूट गए और कई यात्री बस से बाहर जा गिरे। बाहर गिरने वाले यात्रियों को गंभीर चोटें आई हैं। हादसे के दौरान कई लोग सीटों के नीचे दब गए थे। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार बस तेज रफ्तार में थी और अचानक डगमगाने लगी। कुछ ही सेकंड में बस पलट गई और यात्रियों में दहशत फैल गई।
पुलिस-यूपीडा ने शुरू किया राहत कार्य
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, यूपीडा की टीम और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंच गया। राहत और बचाव अभियान तुरंत शुरू किया गया। स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया। घायलों को एंबुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया।
गंभीर घायलों को लखनऊ रेफर
अधिकारियों के मुताबिक, कई यात्रियों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है। मृतकों की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कुछ देर प्रभावित रहा ट्रैफिक
हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। दुर्घटनाग्रस्त बस को हटाने और राहत कार्य पूरा होने के बाद ट्रैफिक को सामान्य कराया गया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
Read More:
16वीं बार जेल से बाहर आया राम रहीम, 30 दिन की पैरोल मंजूर, भारी पुलिस सुरक्षा में सिरसा रवाना

