White House Shooting: अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन डीसी में व्हाइट हाउस के बाहर हुई गोलीबारी की घटना ने पूरे देश को हिला दिया। सीक्रेट सर्विस चेकपॉइंट के पास एक 21 वर्षीय युवक ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सुरक्षा एजेंसियों ने हमलावर की पहचान नासिरे बेस्ट के रूप में की है। घटना के बाद व्हाइट हाउस परिसर के आसपास सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई।
कौन था नासिरे बेस्ट?
न्यूयॉर्क पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक नसीरे बेस्ट मानसिक रूप से बीमार बताया जा रहा है। जांच एजेंसियों का दावा है कि वह खुद को यीशु मसीह का आधुनिक अवतार मानता था। अधिकारियों के अनुसार वह पहले भी व्हाइट हाउस परिसर के आसपास कई बार देखा गया था, जिसके कारण सुरक्षा एजेंसियां उससे परिचित थीं।
चेकपॉइंट पर अचानक शुरू की फायरिंग
अमेरिकी सीक्रेट सर्विस के अनुसार शनिवार शाम करीब 6 बजे नासिरे बेस्ट सुरक्षा चेकपॉइंट के पास पहुंचा। उसने अपने बैग से हथियार निकाला और वहां तैनात अधिकारियों पर गोलीबारी शुरू कर दी। फॉक्स न्यूज की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि इस दौरान करीब 30 राउंड फायरिंग हुई। अचानक हुई इस घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई और आसपास मौजूद लोग जान बचाने के लिए भागने लगे।
राहगीर भी हुआ घायल
रिपोर्ट्स के मुताबिक गोलीबारी के दौरान एक राहगीर गंभीर रूप से घायल हो गया। सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत इलाके को सील कर दिया और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। घायल व्यक्ति को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
ट्रंप को दी थी हत्या की धमकी
जांच में यह भी सामने आया है कि नासिरे बेस्ट पहले भी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को धमकी दे चुका था। रिपोर्ट्स के मुताबिक उसने 9 दिसंबर 2025 को टिकटॉक पर एक वीडियो पोस्ट किया था, जिसमें ट्रंप की हत्या की धमकी दी गई थी। उसने वीडियो में कहा था कि अगर वह बटलर हत्याकांड का हमलावर होता तो ट्रंप की मौत हो चुकी होती।
अदालत ने जारी किया था आदेश
बताया जा रहा है कि अदालत ने पहले ही नासिरे बेस्ट को व्हाइट हाउस परिसर से दूर रहने का आदेश दिया था। इसके बावजूद उसने आदेश का उल्लंघन किया। अधिकारियों ने उसे 17वीं स्ट्रीट नॉर्थवेस्ट इलाके में संदिग्ध गतिविधियां करते हुए देखा था। इसके कुछ ही देर बाद उसने फायरिंग शुरू कर दी।
जवाबी कार्रवाई में मारा गया हमलावर
सीक्रेट सर्विस के अधिकारियों ने तुरंत जवाबी कार्रवाई की और हमलावर को काबू में कर लिया। गोली लगने से नासिरे बेस्ट गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद अमेरिकी सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे इलाके की तलाशी ली।
एफबीआई और सीक्रेट सर्विस की जांच जारी
इस मामले में एफबीआई डायरेक्टर काश पटेल ने कहा कि एजेंसियां घटना की गहराई से जांच कर रही हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए बताया कि एफबीआई की टीम मौके पर मौजूद है और सीक्रेट सर्विस के साथ मिलकर जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद घटना से जुड़े सभी तथ्य सार्वजनिक किए जाएंगे।
Read More:

