जापान के क्यूशू द्वीप पर मंगलवार को 7.1 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आने के बाद प्रशासन ने सुनामी का अलर्ट जारी कर दिया है। जापान मौसम विज्ञान एजेंसी (JMA) के अनुसार, भूकंप का केंद्र कुमामोतो क्षेत्र में था और इसके बाद समुद्र में 1 मीटर तक ऊंची लहरें उठने की आशंका जताई गई है। तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों से सतर्क रहने और जरूरत पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की गई है।
कई प्रांतों में जारी हुई आपात चेतावनी
समाचार एजेंसी के मुताबिक, जापान सरकार ने कुमामोतो के अलावा नागासाकी, कागोशिमा, फुकुओका, सागा, ओइता और मियाजाकी प्रांतों में भी आपातकालीन भूकंप चेतावनी जारी की है। ये सभी इलाके क्यूशू द्वीप पर स्थित हैं। सरकार और स्थानीय प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। तटीय क्षेत्रों में लोगों को सतर्क रहने और प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने के लिए कहा गया है।
अब तक किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं
भूकंप के बाद राहत की बात यह है कि फिलहाल किसी के हताहत होने या बड़े पैमाने पर नुकसान की सूचना नहीं मिली है। स्थानीय प्रशासन प्रभावित क्षेत्रों का सर्वे कर रहा है और भूकंप के असर का आकलन किया जा रहा है। आपातकालीन राहत एवं बचाव दलों को अलर्ट पर रखा गया है। इसके साथ ही संभावित सुनामी के खतरे को देखते हुए समुद्री तटों की लगातार निगरानी की जा रही है।
प्रधानमंत्री ने दिए तत्काल कार्रवाई के निर्देश
भूकंप के बाद जापान के प्रधानमंत्री कार्यालय ने सभी संबंधित एजेंसियों को तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू करने के निर्देश दिए हैं। सरकार ने सबसे पहले नुकसान का तेजी से आकलन करने और स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर प्रभावित लोगों की सहायता सुनिश्चित करने को कहा है।प्रधानमंत्री कार्यालय ने यह भी निर्देश दिया है कि मानव जीवन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहे। अगर कहीं लोग फंसे हैं तो उन्हें सुरक्षित निकालने के लिए हरसंभव कोशिश किए जाएं। साथ ही निकासी, नुकसान और राहत कार्यों से जुड़ी जानकारी समय पर लोगों तक पहुंचाने पर भी जोर दिया गया है।
Read More
कांवड़ यात्रा से पहले दिल्ली सरकार का बड़ा ऐलान, अब समितियों को मिलेगा 15 लाख रुपये तक अनुदान

