SBI Recruitment 2026: देश का सबसे बड़ा सरकारी बैंक भारतीय स्टेट बैंक (SBI) चालू वित्त वर्ष में बड़े स्तर पर भर्ती की तैयारी कर रहा है। SBI चेयरमैन सी. एस. शेट्टी के मुताबिक, बैंक क्लर्क से लेकर अधिकारी स्तर तक करीब 11,000 से 12,000 कर्मचारियों की भर्ती कर सकता है। रिटायरमेंट के आंकड़ों के कारण यह संख्या थोड़ी ऊपर-नीचे हो सकती है, लेकिन मैनेजमेंट को उम्मीद है कि वित्त वर्ष के अंत तक करीब 12 हजार लोगों को रोजगार मिल जाएगा।
पिछले साल भी हुई थी रिकॉर्ड भर्ती
SBI की वार्षिक रिपोर्ट के अनुसार, वित्त वर्ष 2025-26 में बैंक ने कुल 25,633 लोगों को हायर किया था। इनमें 4,640 अधिकारी और 19,340 एसोसिएट लेवल कर्मचारी शामिल थे। इसके अलावा 1,653 लोगों को कॉन्ट्रैक्चुअल स्टाफ के तौर पर नियुक्त किया गया था। इस बार भी बैंक का फोकस बड़े स्तर पर रोजगार देने के साथ अपने बैंकिंग नेटवर्क का विस्तार करने पर है।
क्लर्क लेवल पर ज्यादा फोकस
पिछले साल SBI ने 1,500 स्पेशलिस्ट इनफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी (IT) अधिकारियों की भी भर्ती की थी। हालांकि, इस साल IT सेक्टर में इतनी बड़ी संख्या में भर्ती करने की कोई खास योजना नहीं है। मार्च 2026 तक SBI के कर्मचारियों की कुल संख्या 2.45 लाख से ज्यादा पहुंच चुकी थी। बैंक अब सामान्य बैंकिंग कामकाज को सुचारू रखने के लिए क्लर्क लेवल पर ज्यादा ध्यान दे रहा है।
200 से 250 नई शाखाएं खोलने की तैयारी
कर्मचारियों की भर्ती के साथ SBI देशभर में अपनी मौजूदगी भी बढ़ाने जा रहा है। बैंक के पास पहले से ही बड़ा नेटवर्क है, लेकिन मैनेजमेंट का मानना है कि कई इलाकों में अभी विस्तार की काफी गुंजाइश है। इसी को देखते हुए चालू वित्त वर्ष में 200 से 250 नई शाखाएं खोलने का लक्ष्य रखा गया है।
नई कॉलोनियों और बिजनेस वाले जिलों पर नजर
SBI नई शाखाओं के लिए खास तौर पर उन इलाकों पर ध्यान दे रहा है, जहां नई कॉलोनियां विकसित हो रही हैं। इसके अलावा व्यावसायिक रूप से सक्रिय जिलों में भी बैंक अपनी मौजूदगी बढ़ाने की तैयारी में है। नई शाखाओं के खुलने से बैंकिंग सेवाएं ग्राहकों के और करीब पहुंचेंगी।
युवाओं के लिए बढ़ेंगे बैंकिंग जॉब के मौके
SBI के इस विस्तार प्लान से बैंकिंग सेक्टर में करियर बनाने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर खुल सकते हैं। भर्ती में क्लर्क से लेकर अधिकारी स्तर तक के पद शामिल होने की उम्मीद है। वहीं, नई शाखाओं के विस्तार से बैंक की कार्यक्षमता और ग्राहकों तक पहुंच बढ़ाने की योजना है।
Read More:

