दिग्गज बाइक निर्माता कंपनी रॉयल एनफील्ड ने अपनी लोकप्रिय मोटरसाइकिल का नया और बेहद खास अवतार बाजार में उतार दिया है। कंपनी ने रॉयल एनफील्ड 125वीं एनिवर्सरी एडिशन हाइपरशिफ्ट क्लासिक 650 से पर्दा उठा दिया है। यह रॉयल एनफील्ड क्लासिक 650 का एक लिमिटेड एडिशन मॉडल है, जिसे दुनिया के हर मुख्य क्षेत्र के लिए केवल 125 यूनिट्स की संख्या में ही उपलब्ध कराया गया है। यानी दुनिया भर में गिने-चुने 125 लोगों को ही यह विशिष्ट मोटरसाइकिल मिल सकेगी।
बुकिंग और डिलीवरी की पूरी प्रक्रिया
इस एक्सक्लूसिव बाइक के लिए कंपनी ने 16 अक्टूबर 2026 से रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया शुरू कर दी है, जो 28 अक्टूबर तक चलेगी और इसी दौरान इसके लिए बुकिंग की जा सकती है। इसके स्पेशल एडिशन की डिलीवरी नवंबर 2026 से ग्राहकों तक पहुंचनी शुरू हो जाएगी। रॉयल एनफील्ड ने भारतीय बाजार में इस शानदार मोटरसाइकिल की एक्स-शोरूम कीमत 4,25,589 रुपये तय की है। इस एनिवर्सरी एडिशन में मूल 650 ट्विन प्लेटफॉर्म को ही बरकरार रखा गया है, लेकिन इसके कॉस्मेटिक लुक, पेंट वर्क और हैंडक्राफ्टेड फिनिशिंग में बड़ा बदलाव किया गया है।
रंग बदलने वाली ‘हाइपरशिफ्ट’ फिनिशिंग है मुख्य आकर्षण
इस नई मोटरसाइकिल को जो चीज सबसे अलग और खास बनाती है, वह है इसकी बाइस्पोक हाइपरशिफ्ट फिनिश। इस यूनीक पेंट की खासियत यह है कि इस पर रोशनी पड़ते ही बाइक का रंग बदलकर लाल, हरे और सुनहरे (गोल्ड) शेड्स में नजर आने लगता है। इसके अलावा, साल 1901 की शुरुआती रॉयल एनफील्ड मोटरसाइकिलों से प्रेरित होकर इसमें ब्रास बेस (पीतल के आधार) का इस्तेमाल किया गया है, जो इसके विंटेज लुक को और ज्यादा प्रामाणिक बनाता है।
डिजाइन और खास स्पेसिफिकेशंस
यह रंग बदलने वाली शानदार फिनिशिंग फ्यूल टैंक, साइड पैनल्स, मडगार्ड और हेडलैंप तक पर देखने को मिलती है। बाइक में ब्लैक इंजन और एग्जॉस्ट कंपोनेंट्स दिए गए हैं जो इसे जबरदस्त कंट्रास्ट लुक देते हैं। इसमें क्लासिक का सिग्नेचर टीयरड्रॉप स्टाइल वाला फ्यूल टैंक, राउंड बॉडी वर्क और नेसेल माउंटेड हेडलाइट दी गई है। बैठने के लिए विंटेज स्टाइल की ब्राउन लेदर राइडर सीट जोड़ी गई है। आधुनिक फीचर्स के तौर पर इसमें एलईडी हेडलाइट, एलईडी टेल लैंप और एक यूएसबी टाइप-सी चार्जिंग पोर्ट मिलता है, जबकि टर्न इंडिकेटर्स में कन्वेंशनल बल्ब दिए गए हैं। साथ ही वायर स्पोक व्हील्स, राउंडेड मिरर्स और ब्लैक फिनिश वाले ट्विन एग्जॉस्ट मिलते हैं।
दमदार इंजन और पावरफुल परफॉर्मेंस
इस लिमिटेड एडिशन मोटरसाइकिल में 647.95 सीसी का फ्यूल-इंजर्क्टेड ट्विन-सिलेंडर इंजन दिया गया है, जो 34.6kW (लगभग 46.4 hp) की पावर और 52.3 एनएम का टॉर्क जनरेट करता है। इस शक्तिशाली इंजन के साथ 6-स्पीड गियरबॉक्स और वेट मल्टी-प्लेट क्लच का कॉम्बिनेशन मिलता है, जो राइडिंग के अनुभव को बेहद स्मूथ और रोमांचक बनाता है।
READ MORE: वेब सीरीज ‘Farzi’ देखकर छापने लगे नकली नोट, मुजफ्फरनगर में 5.26 लाख की करेंसी के साथ 3 गिरफ्तार

