Punjab Kapurthala Central Jail Clash: पंजाब के कपूरथला में केंद्रीय जेल में शनिवार देर रात बड़ा बवाल हो गया। जेल के अंदर हवालातियों के दो गुटों के बीच शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। इस दौरान 3 कैदी घायल हो गए। घटना के बाद पूरे जेल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
बैरक बदलने को लेकर शुरू हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक झगड़ा बैरक नंबर-4 से शुरू हुआ था। कुछ हवालातियों ने बैरक बदलने की मांग की थी, लेकिन जेल प्रशासन ने इसे मानने से इनकार कर दिया। इसके बाद कैदियों के बीच बहस शुरू हुई, जो बाद में मारपीट और हिंसा में बदल गई। कैदियों का आरोप है कि जेल प्रशासन उन्हें बेवजह परेशान कर रहा था।
मशालें लेकर छतों पर चढ़े कैदी
विवाद बढ़ने के बाद कुछ कैदी जेल परिसर में आगजनी पर उतर आए। बताया जा रहा है कि कई जगह आग लगाई गई और कुछ कैदी मशालें लेकर जेल की छतों पर चढ़ गए। घटना के वीडियो भी सामने आए हैं, जिन्हें कैदियों ने ही रिकॉर्ड किया। वीडियो में कैदी यह दावा करते सुनाई दे रहे हैं कि जेल प्रशासन ने उन पर फायरिंग की है।
फायरिंग के आरोप से बढ़ा तनाव
कैदियों का कहना है कि पुलिस और जेल प्रशासन की ओर से गोली चलाई गई, जिससे कुछ लोग घायल हुए। हालांकि, अधिकारियों ने अभी तक इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस सूत्रों के अनुसार हालात को नियंत्रित करने के दौरान कुछ हवाई फायर जरूर किए गए थे।
भारी पुलिस बल मौके पर तैनात
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। भारी संख्या में पुलिस बल को जेल परिसर में तैनात किया गया। अधिकारियों ने काफी मशक्कत के बाद स्थिति पर काबू पाया। फिलहाल जेल के अंदर और आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
जेल ब्रेक की खबरों से प्रशासन का इनकार
घटना के बाद कई तरह की बातें शुरू हो गईं, लेकिन एक वरिष्ठ अधिकारी ने साफ किया है कि किसी भी तरह की जेल ब्रेक नहीं हुई है। फिलहाल पुलिस अधिकारी इस मामले में खुलकर कुछ भी बोलने से बच रहे हैं। बताया जा रहा है कि आज दोपहर एसएसपी प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले की जानकारी देंगे।
Read More:
अमृतसर के मजीठा में दिनदहाड़े ASI की हत्या, बाइक सवार बदमाशों ने बरसाईं गोलियां, जांच में जुटी पुलिस

