HomeBreaking Newsदिल्ली में आग का कहर! दो अलग-अलग जगहों पर भड़की भीषण आग,...

दिल्ली में आग का कहर! दो अलग-अलग जगहों पर भड़की भीषण आग, नजफगढ़ में चौथी मंजिल तक उठीं लपटें

दिल्ली में आग लगने की दो अलग-अलग घटनाओं ने दमकल विभाग की चिंता बढ़ा दी। पहली घटना मालवीय नगर के खिड़की एक्सटेंशन इलाके में हुई जहां एक इमारत के बेसमेंट में खड़ी कार अचानक आग की चपेट में आ गई। वहीं, दूसरी घटना नजफगढ़(Najafgarh) रोड पर सामने आई, जहां एक हार्डवेयर स्टोर की इमारत में लगी आग तेजी से फैलते हुए चौथी मंजिल तक पहुंच गई। दोनों जगह दमकल की टीमों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का काम शुरू किया।

मालवीय नगर के खिड़की एक्सटेंशन में एक बिल्डिंग के बेसमेंट में खड़ी कार में आग लगने की सूचना मिली। इसके बाद दमकल की तीन गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंचीं। आग बुझाने के साथ-साथ इमारत में मौजूद लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने का काम भी किया गया। दमकल अधिकारी कमलेश के अनुसार, आग पर काबू पाने में करीब 15 से 20 मिनट का समय लगा। इस दौरान 10 से 11 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। फिलहाल कार में आग लगने की असली वजह का पता लगाया जा रहा है।

नजफगढ़ रोड पर चौथी मंजिल तक फैली आग

आग की दूसरी घटना नजफगढ़ रोड पर हुई। यहां एक हार्डवेयर स्टोर की इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर आग लगी, जिसने कुछ ही समय में विकराल रूप ले लिया। आग की लपटें चौथी मंजिल तक पहुंच गईं और इमारत से काफी दूर तक धुएं का गुबार दिखाई देने लगा। सूचना मिलने पर दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं। हालांकि, आग लगने के कारण और संपत्ति को हुए नुकसान की विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

पहले भी सामने आ चुकी हैं आग की घटनाएं

दिल्ली में इससे पहले 6 अक्टूबर को भी आग लगने की कई घटनाएं हुई थीं। करोल बाग के गफ्फार मार्केट में एक दुकान में आग बुझाने के लिए दमकल की 22 गाड़ियां लगाई गई थीं।

इसी दिन न्यू आजादपुर मार्केट में सुबह करीब 8:40 बजे एक दुकान में आग लगी थी। शुरुआत में तीन दमकल गाड़ियां भेजी गईं, लेकिन आग बढ़ने पर इसे मेक-4 श्रेणी में रखा गया और कुल 11 गाड़ियां तैनात की गईं। इसके अलावा शाहदरा के कृष्णा नगर स्थित शांति मोहल्ला की गली नंबर 6 में एक कपड़े के गोदाम में भी आग लगने की घटना सामने आई थी।

यह भी पढ़ें : मुगल दरबार का वो खौफनाक फरमान… जब औरंगजेब की आंखों में चुभने लगी दिवाली…

RELATED ARTICLES

3 COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments