Miami Airport Plane Crash: अमेरिका के फ्लोरिडा स्थित मियामी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर रविवार को अमेजन का कार्गो प्लेन लैंडिंग के दौरान रनवे से आगे निकल गया। इसके बाद विमान कई गाड़ियों से जा टकराया और उसमें आग लग गई। अधिकारियों के मुताबिक, हादसे में कम से कम 5 लोगों की मौत हुई है। 3 लोगों को गंभीर हालत में ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जबकि 2 अन्य का स्थानीय अस्पताल में इलाज चल रहा है।
गाड़ियों में फंसे लोगों को निकाला गया
मियामी-डेड काउंटी के फायर चीफ रे जडाल्लाह ने बताया कि विमान की गाड़ियों से टक्कर के बाद कुछ लोग उनके अंदर फंस गए थे। उन्हें बाहर निकालने के लिए टेक्निकल रेस्क्यू टीम की मदद ली गई। टीम ने विमान के अंदर फंसे पायलट और को-पायलट को खोजने और बचाने का प्रयास भी किया। हालांकि, जडाल्लाह ने यह नहीं बताया कि पायलट या को-पायलट हादसे में जिंदा बचे हैं या नहीं।
अमेजन प्राइम एयर के लिए उड़ान भर रहा था बोइंग 767
हादसे में शामिल विमान बोइंग 767 था और यह अमेजन प्राइम एयर के लिए उड़ान भर रहा था। विमान दोपहर करीब 2 बजे प्यूर्टो रिको से मियामी पहुंचा था। लैंडिंग के दौरान रनवे पार करने के बाद विमान गाड़ियों से टकराया और आग की लपटों में घिर गया।
वीडियो में दिखा धुएं का गुबार
हादसे से जुड़े वीडियो में नीले और सफेद रंग के बोइंग 767 से भारी मात्रा में धुआं निकलता दिखाई दिया। घटना की सूचना मिलते ही कई दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। जडाल्लाह के मुताबिक, कुल 60 दमकल और रेस्क्यू गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंचीं।
रनवे से उतरा कार्गो विमान, लगी भीषण आग
मियामी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर अमेजन का कार्गो विमान रनवे से बाहर निकल गया और आग की चपेट में आ गया। हादसे में कम से कम 5 लोगों की मौत हुई है, जबकि 5 लोग घायल हुए हैं।#BreakingNews #Miami #MiamiAirport #Amazon #CargoPlane #PlaneCrash… pic.twitter.com/Y1G8WzJPuZ
— Neeraj Raathi (@neeraj_raathi) September 7, 2026
200 कर्मचारी राहत और बचाव में जुटे
मियामी-डेड फायर रेस्क्यू के करीब 200 कर्मचारी मौके पर खोज और बचाव अभियान के साथ आग बुझाने के काम में जुट गए। हादसे के बाद पूरे इलाके में राहत और बचाव अभियान चलाया गया।
FAA और NTSB करेंगे हादसे की जांच
रे जडाल्लाह ने कहा कि विमान हादसे की असली वजह फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) और नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (NTSB) पता लगाएंगे। हादसे के बाद एयरपोर्ट ने सभी रनवे और टैक्सीवे बंद कर दिए। रविवार शाम एयरपोर्ट की वेबसाइट पर यात्रियों के लिए अपडेट जारी किया गया और उनसे एयरपोर्ट जाने से पहले अपनी एयरलाइन से फ्लाइट की जानकारी सीधे जांचने को कहा गया।
अमेजन ने कहा- जानकारी जुटा रहे हैं
अमेजन ने भी हादसे पर बयान जारी किया। कंपनी ने कहा कि प्लेन को लैंड करने की कोशिश के दौरान एक हादसा हुआ। हालांकि, कंपनी ने यह जानकारी नहीं दी कि दुर्घटना में कितने लोग घायल हुए या किसी की मौत हुई है। अमेजन की प्रवक्ता केली नैंटल ने कहा, ‘स्थिति तेजी से बदल रही है और हम अभी भी जानकारी जुटा रहे हैं। हम स्थानीय अधिकारियों और दूसरे अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि आखिर क्या हुआ।’
Read More:

